
Deoghar: देवघर नगर थाना क्षेत्र के जलसार इलाके में तनाव में रह रहे 54 वर्षीय एक व्यक्ति ने कीटनाशक दवा खा कर आत्महत्या कर ली। उसकी मौत इलाज के क्रम में सदर अस्पताल में हो गयी। मृतक का नाम नन्दलाल चरण द्वारी है।

पुलिस को दिये बयान में मृतक की पत्नी चंदा देवी ने कहा है कि उसका मृतक पति जमीन -खरीद बिक्री का कार्य करता था। उसे एक बेटा और एक बेटी है। कहा है कि जमीन खरीद- बिक्री करने में पति का कुछ रूपया फंस गया था और कर्ज भी काफी हो गया था। महाजन द्वारा कर्ज वसूली को लेकर बार- बार उसके पति पर दबाव बनाया जाता था। इस वजह से पति पिछले चार- पांच वर्ष से बाहर रह रहे थे। साल -छह माह में वह घर आया करते थे।

कहा है कि 16 अक्टूबर की रात करीब 9.30 बजे उसका पति कहीं बाहर से घूमकर घर आये थे और काफी तनाव में दिख रहे थे। वह घर के कमरे में लगे टीवी को देखने लगे और वह दूसरे कमरे में मां लक्खी की पूजा करने लगी। लगभग 11.30 बजे रात को पेट में दर्द होने लगा और वे छटपटाने लगे। उपरांत उन्हें अनन- फानन में इलाज के लिये सदर अस्पताल पहुंचाया गया। जहां देखने के बाद डॉक्टर ने कीटनाशक गोली का सेवन कर लेने की बात कही। इलाज के क्रम में 17 अक्टूबर की अहले सुबह करीब 3.30 बजे के आसपास इलाज के क्रम में उसकी मौत हो गयी।
जानकारी मिलते ही सदर अस्पताल स्थित बैद्यनाथधाम ओपी पुलिस पहुंची और शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिये भेज दिया। इधर पुलिस बयान दर्ज कर मामले की जांच में जुट गयी है।


