
Ranchi: बुधवार को झारखंड हाई कोर्ट में देवघर में क्यू कॉम्प्लेक्स के फेज दो का निर्माण कार्य शुरू नहीं होने को लेकर सांसद निशिकांत दुबे की अवमानना याचिका की सुनवाई हुई। मामले में राज्य सरकार की ओर से खंडपीठ को बताया गया कि इससे संबंधित जनहित याचिका में दिसंबर 2023 को हाई कोर्ट द्वारा पारित आदेश के खिलाफ राज्य सरकार ने रिव्यू पिटिशन हाई कोर्ट में दायर किया है, जिसपर कोर्ट ने राज्य सरकार से पूछा कि इतनी विलंब से 9 माह बाद रिव्यू पिटिशन क्यों दाखिल किया गया। जबकि कोर्ट ने जनहित याचिका में देवघर में बाबा बैद्यनाथ मंदिर के क्यू कॉम्प्लेक्स का निर्माण जल्द करने का आदेश राज्य सरकार को दिया था।

हाइकोर्ट की खंडपीठ ने जनहित याचिका में पारित आदेश का अनुपालन करने का राज्य सरकार को निर्देश देते हुए मामले की अगली सुनवाई 18 अक्टूबर को निर्धारित की। सुनवाई के दौरान पर्यटन सचिव कोर्ट में सशरीर उपस्थित थे।

प्रार्थी की ओर से अधिवक्ता शिवानी जालूका ने पैरवी की। पिछली सुनवाई में हाई कोर्ट की खंडपीठ ने राज्य सरकार द्वारा दायर किए गए शो काज को रद्द कर दिया था। जिसमें राज्य सरकार की ओर से कहा गया था कि सीएसआर फंड से देवघर में क्यू कॉम्प्लेक्स के फेज दो का निर्माण नहीं कराया जा सकता है।
दरअसल, हाई कोर्ट की खंडपीठ ने दिसंबर 2023 में निशिकांत दुबे की ओर जनहित याचिका को स्वीकृत करते हुए देवघर में क्यू कॉम्प्लेक्स का निर्माण जल्द करने का आदेश दिया था। कोर्ट ने अपने आदेश में कहा था कि नवयुग कंपनी लिमिटेड के द्वारा सीएसआर के तहत देवघर में क्यू कॉम्प्लेक्स के द्वितीय फेज के निर्माण के लिए 120 करोड़ देने का जो आग्रह किया था, उसे राज्य सरकार स्वीकार करें. इस राशि से देवघर में क्यू कॉम्प्लेक्स के द्वितीय फेज का निर्माण कार्य शुरू किया जाए।w BB कोर्ट ने सरकार को क्यू कॉम्प्लेक्स के द्वितीय फेज के निर्माण कार्य की मॉनिटरिंग करने का भी निर्देश दिया था। लेकिन हाईकोर्ट के आदेश का पालन नहीं होने पर निशिकांत दुबे की ओर से हाईकोर्ट में और अवमानना याचिका दाखिल की गई।
बता दें कि नवयुग कंपनी लिमिटेड के द्वारा सीएसआर के तहत देवघर में क्यू कॉम्प्लेक्स के द्वितीय फेज के निर्माण के लिए 120 करोड़ देने के आग्रह राज्य सरकार से किया गया है।
गौरतलब है कि सांसद निशिकांत दुबे द्वारा दाखिल जनहित याचिका में कहा गया है कि बाबा बैजनाथ मंदिर, देवघर के लिए क्यू कॉम्प्लेक्स के दूसरे फेज का निर्माण कार्य चल रहा है। इसमें केंद्र सरकार की ओर से अपने अंशदान के रूप में 25 करोड़ रुपए की राशि दे दी गई है। लेकिन राज्य सरकार की ओर से भी अपने हिस्से का फंड उपलब्ध नहीं कराया गया है। नवयुग कंपनी लिमिटेड ने सीएसआर स्कीम के तहत क्यू कॉम्प्लेक्स के द्वितीय फेज के निर्माण के लिए अपने स्तर से 120 करोड़ देने को लेकर सरकार को पत्र लिखा है। नवयुग कंपनी के इस पत्र राज्य सरकार ने निर्णय नहीं लिया है।
याचिका में यह भी कहा गया है कि देवघर में बाबा मंदिर के निकट क्यू कॉम्प्लेक्स का निर्माण 3 फेज में किया जा रहा है. वर्ष 2011 में इसकी स्वीकृति दी गई थी। क्यू कॉम्प्लेक्स के पहले फेज का निर्माण पूरा हो चुका है। अब द्वितीय फेज का निर्माण कार्य पूरा होना है। देवघर बाबा मंदिर में दर्शन करने हर साल लाखों श्रद्धालु आते हैं। क्यू कॉम्प्लेक्स बनने से श्रद्धालुओं को काफी राहत होगी। जन भावना को देखते हुए इसका निर्माण कार्य जल्द किया जाना चाहिए। सावन के माह में क्यू कॉम्प्लेक्स के रहने से लोगों की समस्या कम होगी।



