रांची।
चारा घोटाले में सजायाफ्ता लालू यादव फिलहाल रिम्स डायरेक्टर के बंगले में रहकर अपना इलाज करा रहे हैं। लालू यादव की ओर से दुमका केस में जमानत के लिए मंगलवार को झारखंड हाईकोर्ट में याचिका दाखिल की गई है। जमानत के लिए आधी सजा पूरी होने और बीमारी को आधार बनाया गया है।
राजद सुप्रीमो लालू यादव पर चारे के नाम पर चाईबासा, देवघर और दुमका ट्रेजरी से अवैध तरीके से पैसे निकालने के मामलों में सजा हुई थी। बता दें कि चारा घोटाले से जुड़े तीन में से दो मामलों में लालू यादव को जमानत मिल चुकी है। लालू यादव को चारा घोटाले के चाईबासा केस में 9 अक्टूबर को झारखंड हाईकोर्ट ने जमानत दे दी थी। उन्हें देवघर केस में पहले ही साल 2019 में जमानत मिल चुकी है। दुमका केस में जमानत नहीं मिली है।
लालू यादव को चारा घोटाला के देवघर ट्रेजरी केस में 23 दिसम्बर 2017 को दोषी करार दिया गया था। तब से वे जेल में हैं। उन्हें 17 मार्च 2018 को तबीयत बिगड़ने पर पहले रिम्स, फिर दिल्ली एम्स में भर्ती किया गया था। इलाज के लिए कोर्ट ने 11 मई 2018 को उन्हें छह हफ्ते की जमानत दी थी। इसे बढ़ाकर 14 अगस्त, फिर 27 अगस्त 2018 कर दिया गया। कोर्ट ने 30 अगस्त 2018 को लालू को कोर्ट में सरेंडर करने का निर्देश दिया था। इसके बाद से वे रिम्स में भर्ती हैं।
चारा घोटाले में सजायाफ्ता लालू यादव फिलहाल रिम्स डायरेक्टर के बंगले में रहकर अपना इलाज करा रहे हैं। पिछले दिनों कोरोना संक्रमण को देखते हुए उन्हें रिम्स के पेइंग वार्ड से रिम्स डायरेक्टर के बंगले में शिफ्ट किया गया था। लालू को शुगर के साथ-साथ लगभग 11 अन्य बीमारियों ने भी अपने चपेट में ले रखा है। इनमें हाई ब्लड प्रेशर, हार्ट, किडनी की बीमारी भी शामिल है।