
Deoghar: देवघर जिले के रिखिया थाना क्षेत्र के हरलाजोरी के समीप हुए सड़क हादसे में बाइक सवार तीन किशोर की मौत हो गई है। मरने वालों में बलसारा कोढ़ाबांध निवासी 14 वर्षीय अरमान कुमार, 13 वर्षीय मानव कुमार व 12 वर्षीय सुमित कुमार शामिल है।

जबकि घटना में घायल 15 वर्षीय अंकित कुमार एक किशोर जख्मी हो गया है। जिसे इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना रविवार देर रात की है। बताया जाता है कि देर रात चारो किशोर एक ही बाइक पर सवार होकर हरलाजोरी में लगा मेला देखने जा रहे थे। उसी क्रम में बाइक अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। जिससे चारों गंभीर रूप से जख्मी हो गए। कुछ देर बाद जब घायल अंकित को होश हुआ तो उसने घटना की सूचना परिजनों को दिया।

सूचना पर घर के सदस्य घटनास्थल पहुंचे। उपरांत रिखिया थाना पुलिस को सूचना दी गई। सूचना पर पहुंची पुलिस की मदद से सभी को टोटो व पुलिस वाहन से सदर अस्पताल लाया गया। यहां जांच के उपरांत चिकित्सक ने तीनों को मृत घोषित कर दिया।


