
New Delhi: दुर्गा पूजा के दौरान रेलवे ने संताल परगना को बड़ी सौगात दी है। गुरुवार को अगरतला-आनंद विहार तेजस राजधानी एक्सप्रेस और साहिबगंज-हावड़ा इंटरसिटी एक्सप्रेस को रेल मंत्री अश्वनी वैष्णव और गोड्डा सांसद निशिकांत दुबे ने हरी झंडी दिखाया। साहिबगंज में अगरतला-आनंद विहार तेजस राजधानी एक्सप्रेस का ठहराव और साहिबगंज-हावड़ा इंटरसिटी एक्सप्रेस का शुभारंभ हुआ है।

दिल्ली से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से रेल मंत्री अश्वनी वैष्णव और गोड्डा सांसद निशिकांत दुबे तो वहीं साहिबगंज स्टेशन पर मौजूद राजमहल विधायक अनंत ओझा ने हरी झंडी दिखाकर अगरतला-आनंद विहार तेजस राजधानी एक्सप्रेस ट्रेन व साहिबगंज-हावड़ा इंटरसिटी एक्सप्रेस ट्रेन को रवाना किया।

इस सौगात को लेकर एमपी निशिकांत दुबे ने कहा कि मेरे पास शब्दों की कमी हो गयी है। उन्होंने एक्स पर लिखा “संथालपरगना जैसे पिछड़े क्षेत्र को पिछले 10 साल में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी ने इतना दिया कि 70 वर्ष का दंश समाप्त हो गया ।उनके सपनों को रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव जी ने धरातल पर उतारने का काम किया ।मेरे पास शब्दों की कमी हो गई है,आभार।
साहिबगंज रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर एक पर गुरुवार को दोपहर 2 बजे मालदा रेल मंडल की ओर से कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। साहिबगंज रेलवे स्टेशन पर आयोजित कार्यक्रम मे राजमहल विधानसभा क्षेत्र के विधायक अनंत ओझा, मालदा रेल मंडल के डीआरएम मनीष कुमार गुप्ता, डीएमई एचपी तिवारी के मुख्य रूप से मौजूद थे। कार्यक्रम के तहत दिल्ली से रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव व सांसद निशिकांत दुबे वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से कार्यक्रम से जुड़े थे।


