
Deoghar: माओवादी के नाम पर लेवी मांगने के मामले में देवघर जिले के मधुपुर और मार्गोमुंडा से दो आरोपियों को गिरिडीह जिला की बगोदर थाना की पुलिस ने गिरफ्तार कर अपने साथ ले गई।

जानकारी के मुताबिक इस मामले में बगोदर अनुमंडल के एसडीपीओ धनंजय कुमार राम के नेतृत्व में टीम देवघर जिला पहुंची और उदयपुरा गांव से सुधीर यादव और मार्गोमुंडा थाना क्षेत्र के फूलची गांव निवासी एंकर दास को पकड़ अपने साथ ले गई।

दरअसल, मामला गिरिडीह जिला के बगोदर में एक पुल निर्माण से जुड़े संवेदक से माओवादी के नाम पर 25 लाख रुपए की लेवी मांगने का है।
बताया जाता है कि गिरिडीह जिला के बगोदर थाना क्षेत्र के खेतको मड़मो बलियाटांड़ में खोगिया नदी पर पुल निर्माण का कार्य किया जा रहा है। जहां कार्यस्थल पर बुधवार की रात पुलिस वर्दी में हथियार से लैस करीब दो दर्जन अपराधी पहुंचे।
25 लाख रुपए लेवी की मांग करते हुए मजदूर और मुंशी के साथ मारपीट की गई। इस घटना की जानकारी संवेदक द्वारा पुलिस को देते हुए सुरक्षा की मांग की गई थी।
सूचना पर पुलिस ने वहां के एक अपराधी को गिरफ्तार किया। जिसकी निशानदेही पर पुलिस ने मधुपुर और मार्गोमुंडा थाना क्षेत्र में छापेमारी की।


