Deoghar: देवघर जिले के कुंडा थाना क्षेत्र के जोगिडीह गांव में एक 35 वर्षीय व्यक्ति की मौत संदिग्ध परिस्थिति में सोमवार की देर रात हो गई थी। मृतक का नाम परमेश्वर यादव है।
बताया जा रहा कि मंगलवार को स्थानीय पुलिस को बिना कोई सूचना दिए गुपचुप तरीके से परिजन और रिश्तेदार उसका दाहसंस्कार करने के लिए पहुंच गए थे। मृतक की पत्नी मायके नगर थाना क्षेत्र के बसमत्ता में थी। दाहसंस्कार की जानकारी मृतक के ससुराल वालों को लग गई। ससुराल वाले ने इसकी सूचना कुंडा थाना प्रभारी प्रवीण कुमार को दिया। थाना प्रभारी ने एसआई संतन यादव और एएसआई सतेन्द्र सिंह को सदलबल श्मशान घाट भेजा।
पुलिस श्मशान घाट पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। सदर अस्पताल पहुंचे मृतक के ससुराल वालों ने बताया कि मृतक के पिता नहीं है। ससुराल वाले उसकी मां और बहन व बहनोई पर जहर देकर हत्या कर देने का आरोप लगा रहे थे।
ससुराल पक्ष के लोंगों का कहना था कि मृतक की पत्नी पानवती देवी को दो बच्चा है। एक सप्ताह पहले उसकी ननद, नंदोई और सास ने मारपीट किया था। वह मायके आ गई थी। इसकी शिकायत महिला थाना में भी किया था। ससुराल पक्ष के लोगों का कहना था कि जायदाद के लिये मृतक की बहन, बहनोई और मां ने जहर खिलाकर उसकी हत्या कर दी।
इधर कुंडा पुलिस शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है। फिलहाल पुलिस मामले की अनुसंधान में जुटी हुई है।