
Deoghar: देवघर जिले के कुंडा थाना इलाके के कोरियासा में स्थित अटल मोहल्ला क्लिनिक में मरीज एवं उसके परिजनों द्वारा वहां कार्यरत महिला चिकित्सक डॉ श्रुति सिंह और एएनएम पुष्पा कुमारी के साथ मारपीट करने एवं क्लिनिक में तोड़फोड़ किये जाने का मामला सामने आया है। इसे लेकर थाना में महिला डॉक्टर ने मामला दर्ज कराया है।

कहा है कि क्लिनिक से वह अपना कार्य समाप्त कर निकलने वाली थी। उसी वक्त एक महिला वहां आकर बैठी थी। उससे पुछकर दवा दे दिया गया। लेकिन वह ब्लड जांच कराने की बात कह रही थी। डॉक्टर ने कहा है कि उसने उसे सदर अस्पताल जाकर ब्लड जांच कराने को कहा। उसी बात पर वह दवा फेंक कर गाली- गलौज करने लगी। इतने में उक्त महिला के 10-12 की संख्या में परिजन पहुंच गये और क्लिनिक में तोड़फोड़ करने लगे। क्लिनिक का रजिस्टर भी फाड़ दिया। जब उसने विरोध किया तो सभी लोग उसके और एएनएम के साथ मारपीट करने लगे। मारपीट के क्रम में उसके गले से 25 ग्राम का सोने का चेन छिन लिया। एक महिला ने हाथ में दांत काट लिया। कहा है कि वह जान बचाने के लिये दरवाजा बंद कर ली। लेकिन उनलोगों ने दरवाजा को तोड़ दिया। मारपीट के क्रम में वीडियो बना रही एएनएम पुष्पा कुमारी का मोबाइल भी पटक कर तोड़ दिया और सारा वीडियो डिलिट करा दिया। किसी ने इसकी जानकारी पुलिस को दी। पुलिस के पहुंचने के बाद उसे बाहर निकाला गया और सदर अस्पताल में इलाज कराया गया। इस मामले में कुंडा पुलिस ने दो व्यक्ति को हिरासत में लेकर पुछताछ कर रही है।

इधर, दूसरे पक्ष की ओर से कोरियास निवासी नीरा देवी ने थाना में आवेदन देकर शिकायत किया गया है। कहा है कि वह अटल मोहल्ला क्लिनिक कोरियासा में जांच कराने पहुंची थी। क्लिनिक में डॉ श्रुति सिंह उपस्थित थी। कहा है कि डॉक्टर ने उसे पहले आधार कार्ड लाने को कहा तो लेकर पहुंची। डॉक्टर ने उसे कुर्सी पर बैठने से मना किया तो उसने इसका कारण पुछा तो डॉक्टर ने उसके सिर पर आला से वार दी। जिससे उसके सिर में गंभीर चोट लग गयी। इस दौरान महिला डॉक्टर ने उसे भद्दी- भद्दी गालियां भी दिया। कहा है कि डॉक्टर ने बाल पकड़ कर उसे जमीन पर पटक दिया और लात घूसे से मारने लगी। इधर कुंडा पुलिस आवेदन लेकर मामले की जांच में जुट गयी है।


