Deoghar: देवघर जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त विशाल सागर के निर्देशानुसार लोकसभा आम चुनाव, 2024 को लेकर जिले में मतदाता पर्चियों का वितरण शुरु कर दिया गया है। इस कड़ी बीएलओ घर-घर जाकर मतदाता सूचना पर्चियों (VIS) का वितरण कर रहे हैं।

मतदाता पर्ची का वितरण मतदान की तारीख 01 जून से 5 दिन पहले तक कराया जाना है, ताकि शत प्रतिशत मतदाताओं को VIS प्राप्त हो जाए।इसके अलावा जिला निर्वाचन अधिकारी सह उपायुक्त ने सभी बीएलओ को स्पष्ट निर्देश दिया है कि मतदाता पर्ची वोटर या उनके परिवार के सदस्य को ही दें। मतदाता पर्ची का वितरण करते हुए मतदाताओं को निर्वाचन संबंधी जानकारी प्रदान करने, मतदान की तिथि बताने, मतदान केन्द्रों पर दी जा रही सुविधाओं से अवगत कराने का निर्देश दिया गया है, ताकि, अधिक से अधिक लोगों की मतदान प्रक्रिया में भूमिका सुनिश्चित की जा सके।

आगे जिला निर्वाचन अधिकारी सह उपायुक्त ने कहा कि लोकतंत्र के इस महापर्व को सफल बनाने में सभी मतदाता की भागीदारी जरूरी है। शहर हो या सुदूर गांव, प्रत्येक मतदाता तक मतदाता पर्ची पहुंचाई जा रही है, ताकि सभी मतदाता अपने बूथ के बारे में जागरुक हो सकें। साथ ही भारत निर्वाचन आयोग द्वारा दी जा रही सुविधा जैसे सक्षम-ईसीआई एप, वोटर हेल्पलाइन ऐप, अपने अभ्यर्थी को जाने (नो योर कैन्डिडेट) ऐप तथा सी-विजिल ऐप की जानकारी दी जा रही है।



