
Deoghar: देवघर नगर थाना पुलिस ने गुप्त सूचना पर यूपी के आजमगढ़ के एक 50 हजार के इनामी अपराधी को स्थानीय एक होटल से गिरफ्तार कर पूछताछ के बाद जेल भेज दिया। जेल गए अपराधी का नाम अभिषेक सिंह उर्फ राहुल सिंह उर्फ रवि पिता सत्यप्रकाश सिंह उर्फ मुन्ना सिंह है।

वह उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिला के थाना वरदाह का रहने वाला है। उसके पास से पुलिस ने 7.65 एमएम का चार जिंदा कारतूस बरामद किया है। इसे लेकर एक प्रेस वार्ता कर सदर एसडीपीओ ऋत्विक श्रीवास्तव ने बताया कि गुप्त सूचना मिली थी कि यूपी का एक इनामी अपराधी देवघर शहर के शोभा काम्प्लेक्स के ठहरा हुआ है। उक्त जानकारी मिलने के बाद एसपी राकेश रंजन के निर्देश पर एक एसआईटी टीम का गठन किया गया। टीम में एसडीपीओ के अलावे नगर थाना प्रभारी पुनि राजीव कुमार, एसआई ओमप्रकाश सिंह सहित पुलिस के जवान शामिल थे। टीम द्वारा उक्त होटल के रूम नंबर 112में छापेमारी कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

बताया कि गिरफ्तार इनामी अपराधी पर यूपी के आजमगढ़, वाराणसी, तथा जैनपुर जिला में एक दर्जन से अधिक मामले दर्ज हैं। उसके ऊपर यूपी पुलिस ने 50हजार रूपये इनाम रखा था। बताया कि यूपी पुलिस के डर से वह देवघर छुपने आया था।



