
Deoghar: देवघर नगर थाना की पुलिस लगभग एक माह बीत जाने के बाद भी इंजीनियरिंग के छात्र की हत्या की गुत्थी नहीं सुलझा पायी है। छात्र की लाश नंदन पहाड़ स्थित तालाब से 13 अप्रैल को बरामद हुई थी।

बताते चलें कि मृतक इंजीनियरिंग का छात्र आर्यन मरांडी मूल रूप से देवीपुर थाना क्षेत्र के झुंडी गांव का रहने वाला था। वर्तमान में वह अपनी मां के साथ नंदन पहाड़ इलाके में स्थित घर में रहा था। उसके पिता सुरेश मरांडी साहेबगंज कोर्ट में एपीपी हैं। आर्यन 10 अप्रैल को ही अपने घर से गायब हुआ था। उसकी मां द्वारा काफी खोजबीन करने के बाद नहीं मिलने पर दूसरे दिन नगर थाना में आवेदन देकर शिकायत किया था। 13 अप्रैल को उसका शव नगर थाना क्षेत्र के नंदन पहाड़ के पीछे फिल्टरेशन तालाब में मिला था।

उसके पिता ने इसे लेकर अज्ञात पर हत्या कर तालाब में फेंकने के आरोप में मामला भी दर्ज कराया था। उपरांत पुलिस इस मामले में एक दो लोगों से पुछताछ भी किया लेकिन उसका कोई फलाफल सामने नहीं आया।
फिलवक्त नगर पुलिस को इस मामले में कोई सफलता हाथ नहीं लग सकी है।


