
Deoghar: देवघर में इन दिनों बदमाशों का आतंक बढ़ गया है। रात के अंधेरे में तो छोड़िए दिनदहाड़े भी बदमाश चोरी, लूट और छिनतई की घटना को अंजाम दे रहे हैं। इन दिनों बदमाशों के लिए सबसे सेफ ज़ोन जसीडीह-देवघर मुख्य मार्ग बनता जा रहा है जहां सन्नाटा का फायदा उठा बदमाश यात्रियों को अपना निशाना बना रहे हैं।

मंगलवार को देवघर नगर थाना में दो छिनतई होने की शिकायत आई। पहली शिकायत में छिनतई की घटना की शिकार हुई नगर थाना क्षेत्र के एक मोहल्ला निवासी नेहा कुमारी हैं। जो वर्तमान में प्राईवेट स्कूल में शिक्षिका है। उन्होंने बताया कि मंगलवार को स्कूल में छुट्टी होने के बाद टोटो से घर जा रही थी। वह टोटो में एक साइड में लेडिज बैग लेकर बैठी थी। इसी दौरान डढ़वा नदी के पास एक बाइक पर सवार दो बदमाशों ने टोटो का पिछा करते हुए महिला शिक्षिका के हाथ से बैग छिनने की कोशिश की। जिसे बचाने के दौरान वो चलती टोटो से गिर गई और करीब 10-20 फिट तक घसीटाती रही। इसके बाद भी बदमाशों ने बैग को नहीं छोड़ा। आखिर में महिला टीचर के हाथ से बैग छूट गया और दोनों बदमाश बैग लेकर भाग गये ।

कुछ देर बाद आये दूसरे मामले में उसी स्थान पर जसीडीह से देवघर आ रहे एक ऑटो चालक ने ऑटो रोक कर गाड़ी में बैठे यात्री किशोर-किशोरी को चाकू का भय दिखा कर मोबाइल व पांच हजार रुपए छीन कर फरार हो गया । घटना का शिकार भाई बहन ने मामले की जानकारी एक राहगीर को दी । उसने उस ऑटो को पिछा करने का प्रयास किया तो चालक ने उसे जान से मारने की धमकी भी दी।
घटना की शिकार किशोरी जसीडीह बजार की रहने वाली है। उसकी मां कुंडा थाना क्षेत्र में एक संस्थान में काम करती है। ऐसे में दोनों भाई-बहन एक साथ कपड़ा खरीदने के लिए ऑटो से आ रहे थे ।
इधर, दोनों मामले को लेकर पुलिस छानबीन करने में जुटी है।


