
Deoghar: देवघर सेंटर जेल में विचाराधीन बंदी बाबा परिहस्त उर्फ जितेंद्र परिहस्त की मौत को लेकर नगर थाना में यूडी केस दर्ज किया गया।

जेल अधीक्षक सत्येंद्र चौधरी के बयान पर यूडी केस दर्ज किया गया है। अपराध की दुनिया में बाबा की काफी पकड़ रही थी। उसपर एक नहीं दर्जनों मामले जिला के विभिन्न थाना में दर्ज है। उन्हीं मामले में से एक मामले में वह केंद्रीय कारा में बंद था। गुरुवार सुबह अचानक उसकी तबीयत बिगड़ जाने के बाद इलाज के लिए सदर अस्पताल लाया गया था। यहां लाने पर चिकित्सक ने जांच के उपरांत उसे मृत घोषित कर दिया।

छोटे-मोटे अपराध से बाबा परिहस्त ने अपराध की दुनिया में कदम रखा था। काफी कम समय में उसने अपनी एक पूरी फौज तैयार कर ली थी। उसकी टीम ने कम उम्र के युवाओं की संख्या बड़ी थी। रंगदारी, लूट, हत्या जैसा अपराध उसके लिए छोटी बात रह गई थी। जितनी तेजी से उसने अपराध की दुनिया में नाम बनाया था। उतनी ही उसने दुश्मनों की फौज भी तैयार कर ली थी।


