
Deoghar: साइबर अपराधियों के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी है। इस अभियान के तहत सात साइबर ठगी करने वालों को गिरफ्तार किया गया है। जांच के क्रम में उनके तार दूसरे राज्यों में हुए साइबर अपराध से जुड़े हुए मिले हैं। इनसे जुड़ा 31 क्राइम लिंक पुलिस को मिला है। इस मामले में पुलिस जांच कर रही है।

पकड़े गए अपराधियों में जिले के खागा थाना इलाके के रघुनाथपुर गांव निवासी शाहीद अंसारी, जाफर अंसारी, पालोजोरी थाना क्षेत्र के महुआडाबर गांव निवासी मुख्तार अंसारी, बाबू अंसारी उर्फ गुलाम हबीब, पथरड्डा थाना क्षेत्र के सुगदीबाद गांव निवासी विशाल कुमार रवानी, मधुपुर थाना क्षेत्र के लखनुआ गांव निवासी पिंटू दास, जामताड़ा जिला के करमाटांड थाना क्षेत्र के शेखपुरा गांव निवासी विकास कुमार मंडल शामिल हैं। इसके पास से 19 मोबाइल फोन, 28 सिम कार्ड, तीन एटीएम और दस हजार नकद भी बरामद किया गया है।

इन आरोपितों को जिले के खागा थाना क्षेत्र के रघुनाथपुर, पथरड्डा थाना क्षेत्र के सुगदीबाद, मधुपुर थाना क्षेत्र के लखनुआ और कुंडा थाना क्षेत्र के बंधा गांव से पकड़ा गया है। इनमें से कुछ बंधा में किराए के मकान में रहकर ठगी का धंधा संचालित करते थे। जांच के क्रम में पता चला है कि ये गुगल पर कुरियर कंपनी के कस्टमर केयर का फजीे नंबर डाल देते हैं। फिर जब लोग अपने कुरियर के बारे में पता लगाने के लिए उक्त नंबर पर फोन करते हैं तो उनसे कंपनी का प्रतिनिधि बनकर बात करते हैं। फिर उन्हें झांसा में लेकर उनके खाता की जानकारी हासिल कर ठगी की घटनाओं को अंजाम देते हैं। जानकारी हो कि प्रतिबिंब एप की मदद से पुलिस द्वारा साइबर ठगी के आरोपितों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है।


