Deoghar: देवघर जिले के मधुपुर स्थित उपकारा में बंद एक विचाराधीन कैदी की इलाज के क्रम में सदर अस्पताल में मौत हो गई। मृतक 55 वर्षीय गोपाल पंडित जिले के सारठ थाना क्षेत्र बानडीह गांव के रहने वाले थे।
बताया जाता है कि बहू की दहेज की मांग को लेकर हत्या करने के आरोप में अक्टूबर माह से वे जेल में बंद थे। इस दौरान कई बार उनकी तबीयत खराब हुई। उनका इलाज भी कराया गया। इसी बीच सोमवार की देर रात को फिर से तबीयत ज्यादा खराब हो गई। उन्हें सांस लेने में परेशानी हो रही थी। उसके बाद उन्हें आधी रात के बाद इलाज के लिए देवघर सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया। यहां इलाज के क्रम में मंगलवार सुबह उनकी मौत हो गई।
बताया जाता है कि उनके कान से खून भी निकला है। ऐसे में अंदेशा है कि ब्रेन हम्ब्रेज व सांस की परेशानी के उनकी मौत हो गई। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। कमेटी द्वारा शव का पोस्टमार्टम किया जाएगा। रिपोर्ट आने के बाद ही ये स्पष्ट हो पाएगा की उनकी मौत कैसे हुई। घटना की जानकारी पुलिस को दे दी गई है।