
Deoghar: वन विभाग ने चितरा थाना, केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल व एसपी माइंस सुरक्षा विभाग के सहयोग से शुक्रवार को सहरजोरी के वन क्षेत्र में अवैध रूप से संचालित पांच सुरंगों पर बुलडोजर चलाकर समतलीकरण करा दिया।

वन प्रमंडल पदाधिकारी राजकुमार साह के निर्देश पर वन प्रक्षेत्र पदाधिकारी एसडी सिंह ने अपने विभाग के अधिकारियों को सूचना देकर सतर्क किया। उन्हें बताया गया कि उक्त गांव के वन क्षेत्र में अवैध सुरंग बनाकर कोयले का खनन किया जा रहा है। हमारे कार्य क्षेत्र में खनन होने पर कोयला चोरों पर नकेल कसना हमारी जिम्मेदारी बनती है। ऐसे में अमीश आशीष, चंद्र मलेश्वर दास, विक्रमजीत सिंह, संजीव कुमार, प्रमोद राणा आदि अधिकारियों की टीम गठित की गई और उन्हें निर्देशित किया गया कि अवैध सुरंग को समतलीकरण कर दिया जाए।

विभागीय अधिकारियों ने सहयोग के लिए चितरा थाना, केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल, एसपी माइंस के सुरक्षा विभाग से संपर्क साधा।
स्थानीय थाना के एएसआई एसएन सिंह, केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल के अशोक घोष व प्रेम प्रकाश, एसपी माइंस के सुरक्षा विभाग के सिक्योरिटी इंस्पेक्टर रुपेश मिश्रा, अनूप कुमार, जैनुल अंसारी, सुमन देवी व सत्यदेव सिंह ने इस अभियान में मोर्चा संभाला। संयुक्त दल ने खोज अभियान चलाया। जिसमें उन्हें पांच अवैध सुरंगों का पता चला। समतलीकरण करने के पूर्व संयुक्त दल के अधिकारियों ने चेतावनी दी कि कोई सुरंग के अंदर हैं तो बाहर आ जाएं। कोई जवाब नहीं मिलने पर एक-एक करके सबों का समतलीकरण कर दिया गया।


