
Deoghar: जिले के कुंडा थाना क्षेत्र के ठाढीदुलमपुर में शनिवार दोपहर 1:30 बजे काम करने के दौरान एक मजदूर हाई टेंशन तार की चपेट में आने से झुलस गया। घटना की जानकारी अन्य मजदूरों को होते ही उसे इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया। ऑन ड्यूटी डॉक्टर ने जांचोंप्रांत उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद मामले की जानकारी ठेकेदार को होते ही वह सदर अस्पताल पहुंचा जहां से मृतक मजदूर का शव अस्पताल से लेकर भागने के फिराक में था। जिसकी जानकारी बैद्यनाथ धाम ओपी प्रभारी राजकुमार टुडू एवं एएसआई राजेश कुमार दास को होते ही दोनों वहां पहुंचे और शव बाहर ले जाने से रोक लिया।

पुलिस को देखकर ठेकेदार मौके से फरार हो गया। साथी मजदूर ने बताया कि मृतक धनबाद जिला के गोविंदपुर निवासी 35 वर्षीय लाल बाबू अंसारी है। वह अपने गांव शहर से 15 से 20 की संख्या में मजदूर देवघर लाकर प्राइवेट ठेकेदार के पास मजदूरी करता था। ठाड़ीदुलमपुर में किसी व्यक्ति का निजी मकान बन रहा था। जिसपर वह पिछले कई दिनों से काम कर रहा था। प्रतिदिन की तरह शनिवार को भी वो काम करने गया था। कार्य स्थल के बगल में हाई टेंशन तार गुजरा है। जिसके चपेट में आ गया। उससे वह लगभग 20-25 फिट नीचे गिर गया। आनन फानन में उसे इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया। जहां उसकी मौत हो गई।

वहीं ओपी प्रभारी ने मृतक युवक का मोबाइल जब्त कर लिया है। मामले की जानकारी युवक के परिजन को दे दिया। खबर लिखे जाने तक मृतक युवक के परिजन सदर अस्पताल नहीं पहुंचे थे। फिलहाल ओपी प्रभारी ने शव अपने कब्जे में कर लिया है।



