
Dhanbad : धनबाद जेल में बंद गैंगस्टर अमन सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी गई है। घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि जेल में बंद कैदियों के बीच मारपीट हुई। जिसके बाद गोली मार दी गई। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, अमन सिंह के सिर में दो गोली मारी गई है। जिससे मौके पर ही अमन सिंह की मौत हो गई है। हालांकि, अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।

घटना के बाद धनबाद मंडल कारा में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पूरे मंडल कारा में इमर्जेंसी बेल बजने लगी। घटना के बाद अन्य कैदियों के बीच हड़कंप मच गया और कैदियों ने तत्काल इसकी सूचना जेल प्रशासन को दी।

इधर, घटना की सूचना मिलते ही डीसी वरुण रंजन, धनबाद एसएसपी संजीव कुमार समेत तमाम आलाधिकारी जेल पहुंचे और घटना की जानकारी ले रहे हैं।
पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है। पूरे जेल को पुलिस छावनी बना दिया गया है। सैकड़ों पुलिस जवानों को जेल में तैनात किया गया है।
बता दें कि महज 24 घंटे पहले यानी शनिवार को ही धनबाद की कोर्ट ने अमन सिंह को कोर्ट ने रिहा करने का आदेश दिया था।


