
Godda: तीन साल पहले गोड्डा जिले की तत्कालीन उपायुक्त किरण कुमारी पासी ने सदर अस्पताल में अपना प्रसव करा मिसाल पेश की थी। तीन साल बाद एक बार फिर गोड्डा जिले के वर्तमान उपायुक्त जीशान कमर ने अपनी पत्नी का प्रसव इसी सदर अस्पताल में करा कर काबिले तारीफ का काम किया है।

गोड्डा उपायुक्त जीशान कमर ने गुरुवार को अपनी पत्नी लुबना कमर को गोड्डा के सदर अस्पताल में प्रसव के लिए एडमिट करवाया। जिले के सिविल सर्जन सहित अन्य चिकत्सकों की टीम तत्काल सदर अस्पताल पहुंचे और सभी तरह के व्यवस्था का जायजा लिया। चिकित्सकों की टीम द्वारा सीजर करने की सलाह दी गयी। जिसके बाद टीम द्वारा दोपहर 12 बजाकर 58 मिनट पर एक स्वस्थ पुत्री का जन्म कराया गया। लुबना कमर ने साढ़े 3 किलोग्राम के स्वस्थ बच्ची को जन्म दिया। बच्ची को देखभाल के लिए फिलहाल SNCU में निगरानी में रखा गया है।

उपायुक्त की पत्नी का सफल ऑपरेशन किये जाने के बाद जिले के सिविल सर्जन डॉ.अनंत कुमार झा उत्साहित नजर आये और कहा कि ये हमारे लिए गौरव का क्षण था जो हमारे उपायुक्त ने हमारे ऊपर अपना भरोसा दिखाया।
अस्पताल में नहीं थी कोई महिला चिकत्सक
आज जब उपायुक्त अपनी पत्नी का प्रसव कराने सदर अस्पताल पहुंचे तो अस्पताल में न तो कोई स्त्री रोग विशेषग्य थी और ना ही कोई महिला चिकित्सक। सिविल सर्जन डॉ. अनंत कुमार झा तथा उपायुक्त द्वारा आग्रह पर बाहर से दो महिला चिकित्सकों को बुलाया गया ,तब जाकर सफल ऑपरेशन किया जा सका।
स्त्री रोग विशेषज्ञों तथा महिला चिकित्सक पर सवाल किये जाने पर सिविल सर्जन बोले कि अभी हाल ही में सरकार द्वारा यहाँ मौजूद सभी महिला चिकित्सा कर्मी का तबादला किया गया है ,मगर किसी को यहाँ पदस्थापित नही किया गया है। इसलिए मजबूरन बाहर से निजी अस्पताल के चिकित्सक को आग्रह पर बुलाना पड़ा।
बेटी की जन्म पर उपायुक्त दिखे खुश
गोड्डा उपायुक्त जीशान कमर बेटी के जन्म के बाद काफी प्रसन्नचित नजर आये। बेटी के जन्म पर यह पूछे जाने पर कि एक आईएएस होने के बावजूद आपने सरकारी प्रतिष्ठान पर भरोसा करने की हिम्मत कैसे जुटाई ,वो बोले कि हमने शुरू से ही यहीं प्रसव कराने का मन बनाया था और आज सफल प्रसव कराकर बहुत खुश हूँ। कहा कि हमारे जिले के सदर अस्पताल में सभी संसाधन उपलब्ध हैं ,लोग यहाँ आकर लाभ उठायें। वही चिकित्सकों की कमी पर भी कहा इससे सरकार को भी अवगत कराया गया है बहुत जल्द वो भी दूर हो जायेगा।
तीन वर्ष पूर्व भी एक डीसी ने सरकारी अस्पताल में बच्चे को दिया था जन्म
बताते चलें कि गोड्डा के इस सरकारी सदर अस्पताल के इतिहास में ये दूसरा मौका था जब एक आईएएस पदाधिकारी ने सरकारी अस्पताल पर अपना भरोसा दिखाया। इसके पूर्व गोड्डा की उपायुक्त रही किरण कुमारी पासी ने वर्ष 2020 में इसी सदर अस्पताल में अपना प्रसव कराया था और एक पुत्र को जन्म दिया था। उस वक्त भी उपायुक्त के प्रसव की चर्चा देश भर के मीडिया में खूब हुई थी।


