Deoghar: दो दिवसीय दौरे पर झारखंड पहुंचे राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव और राबड़ी देवी ने सोमवार को बाबा बैद्यनाथ और बाबा बासुकीनाथ की पूजा-अर्चना की। सोमवार को देवघर सर्किट हाउस में पत्रकारों से बात करते हुए लालू यादव ने कहा कि अभी और देवी देवताओं से आशीर्वाद लेने के बाद चुनावी मैदान में कूदेंगे।

उन्होंने कहा कि देश में नफरत फैलाने वाली पार्टियों के खिलाफ इंडिया I.N.D.I.A गठबंधन बना है। पत्रकारों के सवाल पर लालू यादव ने कहा कि देश भर के 28 दलों के इस गठबंधन का दूल्हा भी इन्हीं में से कोई एक को जल्द चुना जाएगा।

राजद सुप्रीमो ने कहा कि 12 से 14तारीख को दिल्ली में I.N.D.I.A गठबंधन के कोआर्डिनेशन कमिटी की बैठक होने वाली है। जिसमें बिहार के उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव शामिल होंगे। इस बैठक के बाद गठबंधन द्वारा उम्मीदवार चयन की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी। इसके बाद लालू यादव बिहार के विभिन्न क्षेत्रों का भ्रमण करेंगे।
मीडिया से बात करते हुए लालू यादव ने भारत में भव्य तरीके से आयोजित हुए G-20 सम्मेलन को ढोंग बता दिया। इस आयोजन पर कटाक्ष करते हुए राजद सुप्रीमो लालू यादव ने कहा कि इसमें सिर्फ पैसों की बर्बादी हुई है। इसके आयोजन से देश की जनता को कोई फायदा नहीं होने वाला है। अपनी वाह वाही लूटने के लिए मोदी ने रुपये पानी की तरह बहा दिया। उन्होंने कहा कि मोदी ने देश की संपत्ति को सिर्फ लुटाने का काम किया है।
बता दें कि इस बार G -20 की मेजबानी भारत को मिली थी। देश की राजधानी दिल्ली में इसका भव्य आयोजन हुआ।



