
Deoghar News: गोड्डा सांसद निशिकांत दुबे (Godda MP Nishikant Dubey) के बयान पर दिल्ली के नार्थ एवेन्यू थाने में तीन सितंबर 2022 को देवघर के पूर्व डीसी मंजूनाथ भजंत्री के विरूद्ध जीरो एफआइआर दर्ज कराया गया था। तकरीबन 11 महीने के बाद 9 अगस्त 2023 को कुंडा थाने में इस जीरो एफआइआर को विधिवत दर्ज किया गया।

डीसी मंजूनाथ भजंत्री के खिलाफ सांसद के बयान पर दर्ज में आफिसियल सिकरेट एक्ट, देवघर एयरपोर्ट स्थित डीआरडीओ के प्रतिबंधित क्षेत्र में अनाधिकृत व अवैध रूप से प्रवेश करने, सांसद को साजिश के तहत फंसाने, सांसद को जान से मारने की धमकी देने, एयरपोर्ट के अधिकारी पर अपन रसूख का धौंस दिखाने, सुरक्षा के साथ खिलवाड़ करते हुए कार्य में बाधा डालने का आरोप है।

सांसद ने आरोप में कहा है कि डीआरडीओ के जिस प्रतिबंधित क्षेत्र में डीसी प्रवेश किए थे वहां जाने की अनुमति प्रधानमंत्री कार्यालय से ही मिल सकती है। जब एयरपोर्ट के निदेशक ने उन्हें समझाने का प्रयास किया तो उन्होंने उनपर अपना धौंस जमाया।
साथ ही उपायुक्त पर झारखंड पुलिस को उकसाने का भी आरोप लगाया है। बताते चलें कि नार्थ एवेन्यू थाना की पुलिस ने जीरो एफआइआर दर्ज करने के साथ ही मामले की प्रारंभिक जांच कर प्रारंभिक केस डायरी भी दी है। इसी आधार पर कुंडा थाने में मामला दर्ज किया गया है।


