
Dumka: जरमुंडी थाना क्षेत्र से महज 100 मीटर की दूरी पर बासुकीनाथ धाम स्थित नंदी चौक पर गुरुवार देर रात अज्ञात अपराधियों ने कांवडिया अमरनाथ कुमार (40) की गोली मार कर हत्या कर दी। अमरनाथ कुमार सिंह जमशेदपुर के मानगो इलाके का रहने वाला था। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

बताया जाता है कि घटना के वक्त अमरनाथ सिंह पूजा अर्चना करने के बाद अपने गांव के भतीजा मनीष कुमार के साथ था। जबकि अमरनाथ की पत्नी नेहा सिंह, चार बच्चे और परिवार के अन्य सदस्य बाजार में आस-पास ही थे। इस दौरान कांवरिया वेश में आए अज्ञात अपराधियों ने झोला से हथियार निकाल कर कनपटी से सटाकर करीब छह-सात राउंड फायरिंग कर निकल भागे।

फायरिंग की आवाज सुनकर आस-पास बड़ी संख्या में मौजूद पुलिस पदाधिकारी, स्थानीय लोगों ने उसे अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सक उमाकांत मेहरा ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलने पर घटना स्थल पर जरमुंडी थाना के पुलिस निरीक्षक दयानंद साह, एसआई अनुज कुमार यादव, एएसआई योगेंद्र शर्मा, अशोक कुमार, बासुकीनाथ नगर पंचायत के पूर्व अध्यक्ष मंटू लाहा, उपाध्यक्ष अमित कुमार साह उर्फ छोटू साह सहित स्थानीय ग्रामीण सहित भारी संख्या में पुलिस बल पहुंच मामले की जांच में जुट गए।
अमरनाथ कुमार सिंह जमशेदपुर इलाके में अपना गिरोह चलाता था
मृतक अमरनाथ कुमार सिंह जमशेदपुर इलाके में अपना गिरोह चलाता था। रात जमशेदपुर के घाटशिला थाना क्षेत्र के कापगोडा में अमरनाथ गिरोह के गुर्गों और पुलिस के बीच मुठभेड़ हुई थी, जिसमें अमरनाथ गिरोह के फरार अपराधी साजन मिश्रा के पैर में गोली लगी। मुठभेड़ के दो घंटे बाद ही बासुकीनाथ मंदिर के बाहर तीन अपराधियों ने गोली मारकर हत्या कर दी।


