
Deoghar: शुक्रवार को देवघर जिला के 45 वें उपायुक्त के रूप में आज विशाल सागर ने निवर्तमान उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री से पदभार ग्रहण किया। इस दौरान उपायुक्त विशाल सागर ने कहा कि वर्तमान में राजकीय श्रावणी मेला, 2023 का संचालन बेहतर तरीके से होता रहा है, ये राज्य सरकार व जिला प्रशासन की प्राथमिकताओं में शुमार हैं। दूसरी ओर देवघर जिला की अंतराष्ट्रीय छवि को और भी बेहतर बनाना हमारी प्राथमिकता होगी। साथ ही समाज की अंतिम व्यक्ति तक जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना उद्देश्य होगा।

इसके अलावे मीडिया प्रतिनिधियों से बातचीत करते हुए उपायुक्त श्री विशाल सागर ने कहा कि देवघर के विकास के लिए जो सरकार ने मुझे दायित्व सौपा है, उस पर शतप्रतिशत खरा उतरने का प्रयास करूँगा। अपने कार्यकाल में जिले को विकास के रास्ते पर ले जाने का हर संभव प्रयास करूँगा और सभी के सहयोग से इसमें सफलता भी मिलेगी।

उन्होंने कहा कि हमें हर परिस्थिति में अच्छा कार्य करना है और हमारा प्रयास रहेगा कि किसी भी काम की शुरुआत करने से पहले अंतिम व्यक्ति का ख्याल मन में रहे। कोशिश रहेगी कि उससे उस अंतिम व्यक्ति को लाभ मिले। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं को गरीब से गरीब व्यक्ति तक पहुंचाने का प्रयास रहेगा। इसके साथ हीं धरातल पर योजनाओं को पहुँचाने का प्रयास किया जायेगा, ताकि वंचित लाभुकों को सरकार की महत्वाकांक्षी योजनाओं से जोड़ अच्छादित किया जा सके।
इस दौरान उपायुक्त ने उपस्थित अधिकारियों से आग्रह किया कि एक्टिव रहते वे समय-समय पर फील्ड में जाकर कार्य देखें वहां जाकर ही कार्य की सही स्थिति का पता चलता है और हमेशा अपने अंदर सकारात्मक भाव रखें। उन्होंने कहा हम सभी मिलकर इस जिले को और आगे ले जाने की कोशिश करेंगे। साथ ही कल मुहर्रम की तैयारियों की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों व पुलिस पदाधिकारियों को आवश्यक व उचित दिशा निर्देश दिया।


