नई दिल्ली।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज 70वां जन्मदिन मना रहे है। देश-विदेश से बधाईयों का तांता लगा हुआ है। सोशल मीडिया पर लोग उनकी लंबी उम्र की कामना कर रहे हैं। कई देश के नेताओं से उन्हें जन्मदिन की बधाई मिल रही है।
वहीं, इस अवसर पर भारतीय जनता पार्टी पूरे देश भर में कई कार्यक्रम आयोजित कर रही है। उत्तर प्रदेश, बिहार, राजस्थान, गुजरात और महाराष्ट्र सहित विभिन्न राज्यों में पार्टी कार्यकर्ता द्वारा सेवा सप्ताह मनाया जा रहा।
उत्तर प्रदेश में प्रधानमंत्री के 70वें जन्मदिन पर भाजपा आज सेवा कार्य करते हुए ट्राइसाइकिल बांटेगी।
वहीं, उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने 17 से 25 सितंबर तक सांसद आदर्श गांवों में सड़कों के निर्माण व मरम्मत के लिए विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं। भाजपा की महिला मोर्चा प्रदेश के कई जिलों में फल का वितरण करेगी।
वहीं, मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि भाजयुमो द्वारा रक्तदान शिविर लगाया जाएगा।
बिहार में प्रधानमंत्री के जन्मदिन को 'सेवा सप्ताह' के रूप में मनाया जाएगा।
पीएम के 70वें जन्मदिन के मौके पर पूरा देश जनसेवा के माध्यम से उनका जन्मदिन मनाएगा। कार्यक्रम 20 सितंबर तक आयोजित होंगे। इस दौरान गरीब कल्याण, पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता अभियान से संबंधित अनेक गतिविधियां चलाई जा रही हैं।
इधर गुजरात सरकार ने घोषणा की है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का 70वां जन्मदिन मनाने के लिए राज्य में कई जन समर्थक योजनाएं और विकास परियोजनाएं शुरू की जाएंगी।
सरकार ने एक बयान में बताया कि गुजरात के मुख्यमंत्री विजय रूपाणी, राज्यपाल आचार्य देवव्रत और उपमुख्यमंत्री नितिन पटेल की मौजूदगी में गांधीनगर से वीडियो कांफ्रेंस के जरिए इन योजनाओं और परियोजनाओं की शुरुआत करेंगे।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह दिल्ली से डिजिटल समारोह में शामिल होंगे। वह गांधीनगर के लिए जलापूर्ति परियोजना के ई-भूमि पूजन समारोह में शामिल होंगे।