
Deoghar: देवघर जिले के कुंडा थाना क्षेत्र में 20 जून 2023 को देवसंघ सातर रोड स्थित माया पहाड़ी और दयाल गार्डन के बीच स्थित झरिया बागान में रिखिया थाना क्षेत्र के रामपुर मोहल्ला निवासी फर्नीचर दुकानदार किशन सिंह उर्फ सतीश की पत्थर से कूच कर निर्मम हत्या कर दी गई थी। हत्याकांड के एक माह से ज्यादा गुजर जाने के बावजूद भी कुंडा पुलिस के हाथ हत्यारों तक नहीं पहुंच पाई है।

बताते चलें कि घटना के दूसरे दिन पुलिस को कुछ संदिग्ध अपराधियों का सीसीटीवी फुटेज भी प्राप्त हुआ था। इसके बावजूद भी पुलिस उन्हें पकड़ने में नाकाम साबित हुई है। अपराधियों के गिरफ्तारी नहीं होने से परिजनों में काफी भय व्याप्त है। मृतक के बड़े भाई सनी सिंह ने एसपी को आवेदन देकर हत्यारों को गिरफ्तार करने की गुहार लगाई है। कहा है कि एक माह पूर्व उसके भाई की निर्मम हत्या कर दी गई थी। इसे लेकर कुंडा थाना कांड संख्या 110/23 में अज्ञात अपराधियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था। लेकिन आज तक एक भी अपराधी को गिरफ्तार नहीं किया जा सका है।

कहा है कि पुलिस की इतनी सुस्त कार्यशैली से हम सब परिवार के सदस्य काफी असंतुष्ट है। पूछने पर कुंडा थाना के पदाधिकारियों द्वारा कोई संतोषजनक जवाब भी नहीं दिया जाता है। कहा है की आशंका है कि भाई के हत्या में शामिल अज्ञात अपराधियों द्वारा परिवार के अन्य सदस्यों को भी क्षति पहुंचाई जा सकती है। इससे परिवार के सदस्य काफी भयभीत हैं।


