
Deoghar: देवघर-दुमका मुख्य मार्ग पर स्कॉर्पियो और बाइक में आमने-सामने टक्कर हो गई। घटना मोहनपुर थाना क्षेत्र के चौपामोड़ के पास घटी। इस घटना में बाइक सवार दो लोगों की मौत घटनास्थल पर ही हो गई। मृतक का नाम इदरीस अंसारी और आलम अंसारी है। जो मोहनपुर थाना क्षेत्र के मोरने गांव का रहने वाला था।

घटना के उपरांत स्कॉर्पियो पर सवार सभी लोग वाहन को घटनास्थल पर छोड़कर फरार हो गए। वहीं, स्थानीय लोग उग्र हो गए और सड़क को 4 घंटे तक जाम कर दिया। जानकारी मिलते ही मोहनपुर थाना प्रभारी प्रेम प्रदीप सदल बल पहुंचे। उन्होंने लोगों को समझाने का प्रयास किया लेकिन लोग उनके साथ भी हाथापाई करने लगे। लोग स्कॉर्पियो को चंदना ठाड़ी मोड़ के पास लेकर चले गए। वहां ले जाकर स्कॉर्पियो को लाठी डंडे से चूर दिया और सड़क जाम कर दिया।

भीड़ को बेकाबू होता देख थाना प्रभारी ने इसकी सूचना वरीय पदाधिकारी को दिया। जानकारी मिलते ही सदर एसडीपीओ पवन कुमार, मोहनपुर वीडियो डॉ. विवेक किशोर, सीओ सुप्रिया भगत के साथ भारी संख्या में पुलिस बल पहुंचे। इन पदाधिकारियों ने जाम कर रहे लोगों को काफी समझाने बुझाने का प्रयास किया लेकिन लोग नहीं माने और पुलिस बल पर पत्थरबाजी करने लगे। उसके बाद पुलिस भी सख्त हो गई और लाठीचार्ज कर दिया उपरांत लोग जाम स्थल से भाग खड़े हुए। जाम हटने के बाद परिजनों को समझा-बुझाकर शव को पोस्टमार्टम के लिए देवघर सदर अस्पताल भेज दिया गया।

घटना के बावत बताया जाता है कि इदरीस अंसारी और अलीम अंसारी बाइक से देवघर आ रहे थे। आलम की बेटी की तबीयत खराब थी उसी की रिपोर्ट को लेकर डॉक्टर से दिखाने देवघर आ रहे थे। उसी दौरान चौपा मोड़ के पास तेज गति व लापरवाही से स्कॉर्पियो चलाते हुए चालक बाइक में सामने से जोरदार धक्का मार दिया। इस घटना में बाइक सवार दोनों की मौत मौके पर ही हो गई।


