
Deoghar: देवघर जिले के जसीडीह रेलवे स्टेशन से बनारस के लिए अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेन (Amrit Bharat train) को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार रात करीब 9-9.30 बजे पश्चिम बंगाल के हुगली जिले के सिंगूर से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए तीन अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनों को रवाना किया। इनमें से दो ट्रेनें पूर्व रेलवे के आसनसोल मंडल से होकर गुजरेंगी।

आसनसोल मंडल से होकर चलने वाली अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेन संख्या 22588/22587 बनारस–सियालदह–बनारस मार्ग पर चलेगी। इस ट्रेन के चलने से औद्योगिक और धार्मिक क्षेत्रों को सीधा लाभ मिलेगा। यह ट्रेन 18 कोच वाली है। जिसमें छह स्लीपर क्लास हैं। रविवार शाम को यह ट्रेन जसीडीह स्टेशन पर पहुंची, जोरदार स्वागत किया गया। उसके बाद फ्लैग ऑफ किया गया।

अमृत भारत ट्रेन वर्ल्ड क्लास सुविधा वाली एक्सप्रेस ट्रेन है। यह सप्ताह में तीन दिन चलेगी। देवघर के दो स्टेशन मधुपुर एवं जसीडीह में इसका ठहराव हुआ है।
अमृत भारत ट्रेन ने बंगाल, झारखंड, बिहार और उत्तर प्रदेश को जोड़कर सफर को आसान किया है। बाबा बैद्यनाथ धाम से काशी विश्वनाथ की यात्रा और भी सुगम हो गई। इससे एक तरफ दो धार्मिक नगरी जुड़ गई। तो दूसरी और व्यावसायिक हब कोलकाता तक जाने के लिए देवघर के व्यापरियों को एक और ट्रेन मिल गई।
इस मौके पर जसीडीह स्टेशन पर सांस्कृतिक कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया। यह ट्रेन रविवार, मंगलवार और शुक्रवार को हावड़ा स्टेशन से चलेगी। सियालदह-बनारस अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेन 772 किलोमीटर का सफर महज 11 घंटे 50 मिनट में तय करेगी। ट्रेन बनारस से खुलकर न्यू वेस्ट कोर्ट पंडित दीनदयाल उपाध्याय, पटना, झाझा, जसीडीह, मधुपुर, आसनसोल , दुर्गापुर के बाद सियालदह स्टेशन पहुंचेगी।
उद्घाटन के मौके पर जसीडीह रेलवे स्टेशन पर सीनियर डीएन टू जितेन्द्र कुमार, सीनियर डीएमई शैलेन्द्र होरो, एएससी पूनम रानी, राम बालक महतो, विजय सिंह, मनोज कुमार, आरपीएफ व जीआरपी इंस्पेक्टर समेत अन्य पुलिस कर्मी मौजूद थे। भाजपा के कार्यकर्ता और आमजन भी काफी संख्या में थे।
बता दें कि देवघर से बनारस को जोड़ने वाली यह दूसरी ट्रेन हो गई। एक वंदे भारत देवघर से बनारस के बीच करीब 17 महीने से चल रही है।



