
Deoghar: जसीडीह रेलवे स्टेशन से एक व्यक्ति को घर छोड़ने के नाम पर उसके पास से नकदी व अन्य सामान छीन लिए जाने को लेकर नगर थाने में मामला दर्ज किया गया है। मामला दुमका जिला के जरमुंडी थाना क्षेत्र के कुरुवा गांव निवासी गौतम कुमार मंडल के बयान पर दर्ज किया गया है।

दर्ज मामले में कहा है कि वह अहमदाबाद से अपने घर आ रहा था। जसीडीह स्टेशन पर जब वह उतरा तो गेट के पास उससे एक युवक आकर मिला। युवक ने कहा कि वह बासुकीनाथ जा रहा है वह चाहे तो साथ चल सकता है। उसने झांसे में लेकर गौतम को एक चार पहिया वाहन में लेकर जाकर बैठा दिया।

उक्त वाहन में पहले से दो लोग सवार थे। वहां से आगे बढ़ने पर नगर थाना क्षेत्र के पुरनदाहा तालाब के पास एक व्यक्ति ने उसके उपर पिस्तौल तान दिया एवं उसका बैग सर्च करने लगा। बैग में रखा एक हजार नकद, मोबाइल, एटीएम भी ले लिया। धमका कर जबरन उससे एटीएम का पिन ले लिया। उपरांत उसे नीचे उतार दिया और फरार हो गया । फिर उसके एटीएम से 36 हजार की निकासी कर ली। पीड़ित ने बाद में थाना आकर घटना की जानकारी पुलिस को दी।
पुलिस बताए गए हुलिया के आधार पर बदमाशों की तलाश में जुट गई है।


