
Deoghar: देवघर जिले के पथरौल थाना क्षेत्र के सिरसा मोड़ के पास अज्ञात बाइक से धक्का लगने से एक अधेड़ की मौत हो गई। मृतक का नाम 50 वर्षीय जयदेव महरा है जो पथरोल थाना क्षेत्र के पिपरा गांव का रहने वाला है।

पुलिस को दिए बयान में मृतक के छोटे भाई जागेश्वर महरा ने कहा है कि 5 जून को शाम 07 बजे उसका बड़ा भाई सिरसा काली मंदिर में हो रहे यज्ञ देखने गया था। यज्ञ देखकर जब 11:00 बजे रात को वह वापस आ रहा था उसी क्रम में सिरसा मोड़ के पास एक अज्ञात बाइक सवार ने धक्का मार दिया। इस घटना में वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

आनन-फानन में उसे इलाज के लिए सदर अस्पताल लेकर आए जहां देखने के बाद ऑन ड्यूटी डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। इधर जानकारी मिलते ही बैधनाथ धाम ओपी प्रभारी विनोद कुमार सिंह सदर अस्पताल पहुंचे और शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।


