
Deoghar : देवघर सदर अस्पताल में प्रसूति के प्रसव के बाद कथित रूप से ”मिठाई” के नाम पर तीन हजार रुपये लेने का मामला सामने आया है। इस संबंध में प्रसूति के परिजनों ने सिविल सर्जन को आवेदन देकर शिकायत दर्ज कराते हुए मामले की जांच और कार्रवाई की मांग की है।

शिकायत सारठ थाना क्षेत्र के भुइयाँडीह निवासी कुलदीप कुमार भोक्ता ने की है। आवेदन में उन्होंने कहा है कि 16-17 जून की रात करीब 12:30 बजे वह अपनी पत्नी अंशु कुमारी का प्रसव कराने देवघर सदर अस्पताल पहुंचे थे। इसके बाद 17 जून की सुबह उन्हें अस्पताल में भर्ती किया गया।

जहां सुबह करीब 4:58 बजे उनकी पत्नी ने सामान्य प्रसव के माध्यम से एक बच्ची को जन्म दिया। परिजनों का आरोप है कि प्रसव के बाद प्रसव कक्ष में मौजूद कर्मियों द्वारा सहिया के माध्यम से ”मिठाई” की मांग की जाने लगी। उनसे कहा गया कि प्रसव होने के बाद पैसा देना पड़ता है।
शिकायत के अनुसार उसी दिन सुबह करीब 5 बजे से 6 बजे के बीच उनके महिला परिजनों को प्रसव कक्ष के पास स्थित सीढ़ी के निकट ले जाया गया और वहां कथित रूप से मिठाई के नाम पर तीन हजार रुपये ले लिए गए।
आवेदन में यह भी उल्लेख किया गया है कि जिस स्थान पर रुपये लिए जाने की बात कही गई है वहां सीसीटीवी कैमरा नहीं लगा है। परिजनों ने इसे गंभीर मामला बताते हुए अस्पताल प्रशासन से निष्पक्ष जांच कराने तथा दोषी पाए जाने वालों के विरुद्ध उचित कार्रवाई करने की मांग की है।
मामले को लेकर अस्पताल प्रशासन की ओर से आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। शिकायत मिलने के बाद अब सभी की नजर सिविल सर्जन द्वारा की जाने वाली जांच और आगे की कार्रवाई पर टिकी हुई है।


