
Dumka: हंसडीहा थाना प्रभारी जितेंद्र कुमार सिंह के वायरल ऑडियो की जांच करने को हंसडीहा थाना क्षेत्र के सिंह बिहार नामक लाइन होटल पहुंचे एसडीएम कौशल कुमार ने कई रजिस्टर और अवैध शराब की बड़ी खेप जब्त किया है।

बता दें कि बीते दिनों हंसडीहा थाना प्रभारी और ट्रक एसोसिएशन के अध्यक्ष के बातचीत का एक ऑडियो वायरल हुआ था। जिसकी जांच करने दुमका डीसी रविशंकर शुक्ला के निर्देश पर एसडीएम कौशल कुमार के साथ जरमुंडी बीडीओ फुलेश्वर मुर्मू, अंचलाधिकारी राजकुमार प्रसाद और हंसडीहा थाना की पुलिस टीम के साथ छापेमारी करने लाइन होटल पहुंचे थे।

छापेमारी के बाद एसडीएम कौशल कुमार ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि होटल सिंह बिहार से कई रजिस्टर बरामद हुआ है। रजिस्टर में ट्रांजैक्शन का लेखा-जोखा देखने को मिल रहा है साथ ही अवैध शराब का बड़ा खेप भी बरामद होटल से हुआ है।
जानकारी हो कि इस मामले में एसपी दुमका अंबर लकड़ा ने हंसडीहा थाना प्रभारी जितेंद्र कुमार सिंह को लाइन हाजिर और एएसआई प्रभात रंजन को सस्पेंड कर दिया गया है।


