
Deoghar: जिले के जसीडीह थाना इलाके के रायडीह शमसान घाट के पास काम करने के क्रम में बिजली पोल से गिरकर एक प्राइवेट बिजली मिस्त्री की मौत हो गई। मृतक का नाम 22 वर्षीय आसीन अंसारी है जो देवीपुर थाना क्षेत्र के ग्राम सघवाडीह का रहने वाला है।

पुलिस को दिए बयान में मृतक के चाचा सफरुद्दीन अंसारी ने कहा है कि आसीन एक वर्ष पूर्व से राज किशोर भगत एंड कंपनी के माध्यम से वाहय स्रोत कर्मचारी के रूप में विद्युत आपूर्ति शाखा देवीपुर के अंतर्गत एक 11kv हुसैनाबाद फीडर में कार्यरत था। 25 मई की शाम को देवीपुर से मानिकपुर के बीच 33 केवी का लाइन ब्रेकडाउन था। उस वक्त बारिश हो रही थी, बारिश बंद होने के बाद असिन बिजली फॉल्ट खोजने के लिए निकला। रायडीह श्मशान घाट के पास 35 केवी रेल पोल डीपी पर जम्फर जोड़ने के क्रम में अचानक आकाशीय बिजली कड़कने से बिजली तार से झटका लग गया और वह पोल से नीचे गिर गया।

आनन-फानन में पहले इलाज के लिए उसे पगला बाबा हॉस्पिटल ले गए। जहां प्राथमिक उपचार के बाद देवघर सदर अस्पताल बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया। सदर अस्पताल के डॉक्टर ने देखने के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
इधर जानकारी मिलते ही बैधनाथ धाम ओपी प्रभारी विनोद कुमार सिंह सदर अस्पताल पहुंचे और शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।


