
Deoghar: बीते दिनों विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से बाजला चौक से सत्संग चौक बायपास मार्ग पर स्थित गन्दगी से भरे पुरनदाहा तालाब की तस्वीर वायरल होने के बाद इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी देवघर ने तुरंत संज्ञान लिया। इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी देवघर शाखा ने तुरंत उस तालाब का मुआयना कर देवघर नगर निगम को सूचित किया और यहां पर एक स्वच्छता अभियान चलाने को लेकर देवघर नगर निगम के नगर आयुक्त शैलेंद्र लाल से संपर्क किया। जिस पर पहल करते हुए दिनांक 12 मई को इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी देवघर शाखा द्वारा देवघर नगर निगम के संयुक्त प्रयास से पुरनदाहा तालाब में एक दिवसीय स्वच्छता अभियान चलाया गया

जिसमें मोहल्ले वासियों के अलावा पूरे शहर वासियों ने बढ़ चढ़कर हिस्सा लिया। मौके पर नगर आयुक्त शैलेंद्र लाल ने बताया कि देवघर नगर निगम और जिला प्रशासन स्वच्छ देवघर सुंदर देवघर बनाने के लिए लगातार प्रयासरत है और अपने स्तर से कार्य भी कर रही है। लेकिन पूरे शहरवासियों से अपील है कि आप लोग भी पर्यावरण के प्रति अपने दायित्व का निर्वहन करते हुए कहीं पर भी कूड़े कचरे का अंबार ना लगने दें और अपने आसपास स्वच्छता का ख्याल रखें। साथ ही साथ इतने भी जल स्रोत हैं उनमें किसी भी प्रकार का कूड़ा कचरा ना फैलाएं। क्योंकि ,अगर यह जलस्रोत भविष्य में खत्म हो गए तो इसका प्रभाव समस्त नगर वासियों को झेलना पड़ेगा।

वहीं इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी देवघर शाखा के चेयरमैन जितेश राजपाल ने कहा कि जल ही कल है और जल के बिना जनजीवन असम्भव है..! जैसा की हम सभी जानते हैं देवघर इन दिनों पेयजल की समस्या से जूझ रहा है और इसका एक मात्र कारण है कि हम मनुष्यों ने अपने क्षणिक सुख हेतु सभी जल श्रोतों को नष्ट कर दिया है और कर रहे हैं। पुरनदहा सहित आस पास के इलाकों में पेयजल का एकमात्र श्रोत पुरनदाहा तलाब में गंदगी का अंबार लगा हुआ है और धीरे धीरे अपना अस्तित्व खो रहा है। अगर इस पर भी ध्यान नहीं दिया गया तो भविष्य अंधकारमय होगा। अतः इस तालाब को बचाने के उद्देश्य से इंडियन रेडक्रॉस सोसाइटी देवघर शाखा द्वारा देवघर नगर निगम के सहयोग से एक दिवसीय स्वच्छता अभियान का आयोजन किया गया जिसका मुख्य उद्देश्य लोगों को जागरूक करना था।
आज के इस कार्यक्रम में मुख्य रूप से देवघर नगर निगम के नगर आयुक्त शैलेंद्र लाल, सिटी मिशन मैनेजर सतीश कुमार दास, देवघर नगर निगम के स्वच्छता प्रभारी अजय कुमार पंडित उर्फ टूल्लू दा, इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी देवघर शाखा के चेयरमैन जितेश राजपाल,वाइस चेयरमैन पीयूष जायसवाल, कोषाध्यक्ष राजकुमार बरनवाल, कार्यकारिणी सदस्य मयंक राय, देवनंदन झा, अर्चना भगत, विजय प्रताप सनातन, सुरेशानंद झा, डॉ एनसी गांधी, देवघर नगर निगम के स्वच्छता ब्रांड एंबेसडर वीरेंद्र कुमार सिंह, आलोक मलिक, शशि शेखर जोशी, विपिन मिश्रा, रुपाश्री, ऋषि सिंह, पवन कुमार टमकोरिया, शिव सराफ, विनोद वर्मा, डॉ संजय भगत, मनीष कुमार पाठक, अजय कुमार यादव, सहित सैकड़ों लोग थे।










