
Deoghar: देवघर डीसी मंजूनाथ भजंत्री ने वर्तमान में लगातार बढ़ रहे श्रद्धालुओं की संख्या व सुविधा को लेकर बाबा बैद्यनाथ मंदिर पहुँचकर सोमवार को सुरक्षा व्यवस्था व विधि-व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान उपायुक्त ने मंदिर प्रांगण का निरीक्षण कर श्रद्धालुओं एवं पुरोहितों से बातचीत कर व्यवस्थाओं, श्रद्धालुओं की सुविधा से जुड़े विभिन्न बिंदुओं पर बातचीत करते हुए उनका अनुभव जाना। आगे उपायुक्त ने बढ़ती गर्मी को देखते हुए मंदिर प्रांगण में बीछे हुए कालीन पर लगातार पानी के छिड़काव का निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिया।

इसके अलावे उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री द्वारा मंदिर कार्यालय में समन्वय समिति की बैठक कर विगत वर्षों की अपेक्षा वर्तमान में बाबा मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं की लगातार बढ़ती संख्या व उन्हें मिलने वाली सुविधा को और भी बेहतर करने के उद्देश्य से शिघ्र दर्शनम कूपन के राशि में वृद्धि के साथ विशेष दिनों के अवसर पर भी शीघ्र दर्शनम राशि को बढ़ाने से जुड़े विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा की गई। साथ ही लगातार श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को लेकर चर्चा की गई की देश के विभिन्न मंदिरों की तरह बाबा मंदिर में भी सुबह और शाम को अर्घा की व्यवस्था की जाए, ताकि दिव्यांग, बुजुर्ग छोटे बच्चें दूरदराज से आने वाले श्रद्धालुओं भी सुरक्षित व सुलभ जलार्पण कर सके।

आगे लगातार बढ़ती श्रद्धालुओं की संख्या को देखते हुए विधि व्यवस्था, श्रद्धालुओं की सुविधा व सुरक्षा व्यवस्था को लेकर की किए जाने वाले कार्यों पर विस्तृत चर्चा करते हुए मंदिर प्रशासन, बाबा मंदिर थाना को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए बाबा मंदिर में श्रद्धालुओं को मिलने वाली व्यवस्थाओं व सुविधाओं को और बेहतर बनाने की दिशा में कार्य करने की बात कही।
साथ ही उपायुक्त ने मुख्य रूप से भक्तों को बेहतर सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से छोटे से छोटे कार्यों को ध्यान देने के अलावा सुलभ व सुरक्षित जलार्पण कराना, पेयजल, स्वास्थ्य, सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाये रखने, मंदिर में पॉलिथीन व थर्माेकॉल की जगह दोना पत्तल, मिट्टी, बॉस के डलिया का उपयोग करने के अलावा अतिक्रमण मुक्त बनाये रखने का निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिये गये हैं।
निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने गर्मी को देखते हुए विद्युत व्यवस्था सुदृढ़ करने का साथ मंदिर के आसपास के क्षेत्रों को थर्माेकोल और प्लास्टिक मुक्त बनाने की गति सही दिशा में जा रही है। आवश्यकता है दिन प्रतिदिन इसे और बेहतर करते हुए वैकल्पिक सामानों के उपयोग को बढ़ाये, ताकि सही मायने में बाबा मंदिर और आसपास के क्षेत्रों को स्वच्छ और सुंदर बनाया जा सके।
इस दौरान उपरोक्त के अलावा अंचलाधिकारी देवीपुर सुनील कुमार, मंदिर समन्वय समिति के सदस्य, मुख्य प्रबंधक रमेश परिहस्त, बाबा मंदिर थाना प्रभारी, सहायक प्रंबंधक प्रकाश मिश्रा, सरदार पंडा के प्रतिनिधि, अधीक्षक सह दीवान सोना सिन्हा एवं संबंधित अधिकारी व मंदिर कर्मी आदि उपस्थित थे।



