
Deoghar: कोरोना की नई लहर की आशंका को लेकर रविवार को सूबे के स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में देवघर से उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी मंजूनाथ भजंत्री, सिविल सर्जन डॉ युगल किशोर चौधरी व स्वास्थ्य विभाग की टीम शामिल हुए।

इस दौरान अपर मुख्य सचिव स्वास्थ्य अरुण कुमार सिंह ने कोविड टेस्टिंग एवं जीनोम सीक्वेंसिंग के साथ कोविड नियमों के पालन व प्रसार बढ़ाने से जुड़े विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा की गई।
10 व 11 अप्रैल को पूरे राज्य में कोविड को लेकर मॉक ड्रिल

इसके अलावे बैठक के दौरान मंत्री बन्ना गुप्ता ने कहा कि हमें सतर्क रहना है और पैनिक होने की आवश्यकता नहीं है। आगे उन्होंने सभी जिलों के उपायुक्त से अपने जिलों में कोविड की स्थिति को देखते हुए स्वास्थ्य सुविधाओं और इंफ्रास्ट्रक्चर को लेकर समीक्षा बैठक करें। इस दौरान उन्होंने 10 व 11 अप्रैल को पूरे राज्य में कोविड को लेकर मॉक ड्रिल (Mock Drill) कराने की बात कही। इसके साथ ही उन्होंने सरकारी व निजी अस्पतालों की व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने की बात कही।

वीडियो कांफ्रेंसिंग के दौरान उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी मंजूनाथ भजंत्री ने कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए जिला, प्रखंड, पंचायत स्तर पर की तैयारियों से अवगत कराया। साथ ही उपायुक्त ने आम जनमानस में कोरोना के बढ़ते मामलों को लेकर जागरूक करने की बात कही।
आगे संक्रमण के रोकथाम को लेकर उपायुक्त ने जिले में कोविड टेस्टिंग व वैक्सिनेशन की गति को बढ़ाने के अलावे देवघर एयरपोर्ट पर आने वाले यात्रियों की थर्मल स्कैनिंग भी सुनिश्चित कराने की बात कही।


