
Deoghar: देवघर नगर पुलिस ने चार अप्रैल को रांगामोड़ के पास रंगदारी की मांग को लेकर की गयी गोली बारी के मामले में दो आरोपी को गिरफ्तार कर शनिवार को जेल भेज दिया। जेल गये आरोपियों में रिखिया थाना क्षेत्र के बलसरा निवासी दिनेश महथा और नगर थाना क्षेत्र के रांगामोड़ निवासी विकास महथा के नाम शामिल हैं।

दोनों को शुक्रवार की देर रात को नगर थाना प्रभारी कुमार अभिषेक, एसआई अभिनाश गौतम ने गुप्त सूचना पर बलसरा इलाके में छापामारी कर गिरफ्तार किया है। बताते चलें की चार अप्रैल की शाम 08 बजे बाइक सवार दो अपराधियों ने रंगामोड़ स्थित संजीत कुमार हरी के आवास के सामने खड़ी उसकी कार में गोली चला दी थी। इस घटना को लेकर संजीत कुमार हरी ने नगर थाना में मामला दर्ज कराया था।

जिसमें बलसरा निवासी सावन महथा, गिधनी निवासी अमन सिंह, श्रीराम झा चौक निवासी छोटू सिंगारी, रांगामोड़ निवासी विकास महथा और बलसरा निवासी दिनेश महथा को आरोपी बनाया था। बताया जाता है कि जेल गये दोनों आरोपियों ने पुलिस के समक्ष गोलीबारी की घटना को लेकर कई राज खोले हैं। वहीं नगर पुलिस फरार चल रहे अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिये छापामारी अभियान में जुट गयी है।


