
Deoghar: देवघर जिले के मोहनपुर थाना क्षेत्र में पिस्तौल के बल पर मोबाइल और सोने की चेन छीनने तथा विरोध करने पर लोहे की रॉड से जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है।

पीड़ित सत्येन्द्र कुमार यादव (28 वर्ष), पिता पलटू प्रसाद यादव, ग्राम पथरी निवासी ने मोहनपुर थाना में मामला दर्ज करा कर आरोपितों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है। दर्ज प्राथमिकी के अनुसार सत्येन्द्र कुमार यादव ग्राम कटवन में मेडिकल दुकान चलाते हैं। उन्होंने बताया कि 17 जुलाई को डॉ प्रेम प्रकाश के पिता के श्राद्ध कार्यक्रम में सहयोग करने के बाद वह अपने साथियों के साथ सुबह करीब चार बजे कार से घर लौट रहे थे।

इसी दौरान चोपामोड़ पेट्रोल पंप के पहले 8 से 10 युवकों ने उनकी कार रोक ली। पीड़ित ने आरोप लगाया कि आरोपितों में दहीजोर निवासी धनंजय यादव, सुदीप यादव, लालू यादव और पंकज यादव सहित 4-5 अज्ञात लोग शामिल थे। धनंजय यादव ने पिस्तौल का भय दिखाकर उनका करीब 65 हजार रुपये कीमत का आईफोन, जबकि सुदीप यादव ने करीब एक लाख रुपये से अधिक मूल्य की सोने की चेन छीन ली।
विरोध करने पर लालू और पंकज ने लोहे की रॉड से हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया। बचाव करने पहुंचे हरेन्द्र यादव के साथ भी मारपीट की गई। पीड़ित का आरोप है कि हल्ला होने पर आरोपित फायरिंग करते हुए फरार हो गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
(IANS)


