Deoghar: हर दिन गोड्डा लोकसभा विकास की नई गाथा लिख रहा है। बुधवार की सुबह भी खुशखबरी लेकर आई है। ये खुशखबरी सिर्फ देवघर, बासुकीनाथ या गोड्डा लोकसभा की जनता के लिए नहीं है बल्कि देश-विदेश के वैसे तमाम श्रद्धालुओं के लिए भी है जो भगवान शिव की आराधना के लिए बाबाधाम से बासुकीनाथधाम का सफर पैदल मार्ग से तय करते हैं।

जी हां, अब जल्द ही देवघर से बासुकीनाथ फ़ोर लेन सड़क का निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा। इसकी कवायद शुरू हो गई है। जिसके लिए टेंडर का कार्य पूरा हो गया है। इस बात की जानकारी देते हुए गोड्डा सांसद निशिकांत दुबे ने खुशी जाहिर की है।

उन्होंने बताया कि देवघर बासुकीनाथ चार लेन का टेंडर फाइनल हो गया है। कुल एक हज़ार करोड़ की लागत से इस फोर लेन का निर्माण होगा। इतना ही नहीं पैदल कांवर लेकर जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए इस मार्ग पर अलग से रास्ता बनेगा। इसके लिए सांसद ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी का आभार जताया है।
बता दें कि देवघर-बासुकीनाथ फोर लेन निर्माण के बाद एक ओर जहां आम लोगों को यातायात में सुविधा होगी। वहीं, खासकर श्रावणी मेला के दौरान पैदल या वाहन से आने-जाने वाले श्रद्धालु को भी सहूलियत मिलेगी।



