Deoghar: 19 मार्च 2023 को देवघर में आयोजित होने वाले उड़ान-3 के अंतर्गत देवघर रनाथॉन (मैराथन दौड़) का कार्यक्रम इस वर्ष विशाल पैमाने पर सांसद खेल महोत्सव के रूप में आयोजित होगा। जानकारी हो कि देवघर के रोटरी क्लब और इनर व्हील के द्वारा संयुक्त रूप से देवघर रनाथॉन उड़ान के आयोजन का यह तीसरा वर्ष है। इस वर्ष स्थानीय सांसद डॉ. निशिकांत दुबे इस मैराथन दौड़ को अपनी ओर से व्यापक सहयोग देकर संबलता प्रदान कर रहे हैं।
इस साल महिला और पुरूष दोनों वर्गों में अलग-अलग क्रमशः 5 किमी और 10 किमी की इस मैराथन दौड़ में भाग लेने के लिए 15 वर्ष से ऊपर के युवाओं में उत्साह चरम पर देखा जा रहा है। देवघर में विभिन्न स्थानों के अलावे जसीडीह, मोहनपुर, देवीपुर, सारवां, सोनारायथाड़ी, मधुपुर में भारी संख्या में युवा अपना निबंधन करा रहे हैं। गोड्डा और दुमका से भी लोग मैराथन दौड़ का हिस्सा बनने के लिए रजिस्ट्रेशन करा रहे हैं। विभिन्न कॉलेज, कोचिंग संस्थान, विद्यालय, जिम और दुकानों में रजिस्ट्रेशन चल रहे हैं। क्लब के अलावे अन्य संगठन के साथ-साथ युवा मोर्चा, विद्यार्थी मोर्चा, खेल संगठन, महिला मोर्चा भी रजिस्ट्रेशन और रनाथन जागरूकता में लगे हुए हैं। अभी तक विभिन्न स्थानों पर लगभग 12 हजार फॉर्म उपलब्ध कराए जा चुके हैं और लगभग 6-7 हजार रजिस्ट्रेशन हो चुके हैं। 17 मार्च तक प्रतिभागी अपना रजिस्ट्रेशन करा सकते हैं। महिला-पुरुष दोनों वर्गों में मिलाकर 10 हजार से भी ज्यादा प्रतिभागियों के इस मैराथन में दौड़ने की संभावना है।
इस मैराथन दौड़ को आकर्षक बनाने के लिए भारत सरकार के संस्कृति मंत्रालय के अंतर्गत क्षेत्रीय सांस्कृतिक केन्द्र के 250 से भी ज्यादा कलाकार अलग-अलग प्रदेशों से देवघर आएंगे और मैराथन मार्ग में 20 स्थानों पर विभिन्न राज्यों की लोक संस्कृति को दिखाएंगे। पूरा शहर इस आयोजन के दौरान महोत्सव की तरह सजाए जाएंगे और जी-20 की थीम नजर आएगी। रनाथॉन के प्रारंभिक केन्द्र रामकृष्ण मिशन में उत्साह का माहौल बनाने के लिए जम्बा डांस और अन्य कार्यक्रम होंगे।
मैराथन की शुरुआत रामकृष्ण मिशन विद्यापीठ में 19 मार्च को सुबह 6 बजे पहले महिला वर्ग और फिर आधे घंटे बाद पुरूष वर्ग के लिए आरंभ होगी। प्रतिभागियों को सुबह 5 बजे तक आर के मिशन में रिपोर्ट करना होगा जहां सबको आकर्षक टी-शर्ट मुफ्त में दिए जाएंगे। सभी इसी टीशर्ट में दौड़ेंगे। प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान हासिल करने वाले विजेताओं को क्रमशः 20, 15 और 10 हजार के पुरस्कार मिलेंगे। इसके अलावे 7 अन्य विजेताओं को भी 5-5 हजार के पुरस्कार मिलेंगे।
दौड़ेगा देवघर, रन देवघर रन – 19 मार्च 2023 की अहले सुबह होगा भव्य नजारा – जब 10000 से भी अधिक महिला-पुरुष देवघर की सड़कों पर दौड़ते नजर आएंगे और देश के 250 से भी ज्यादा कलाकारों द्वारा प्रदर्शित विभिन्न राज्यों के लोक संस्कृतियों से सराबोर होगी।