Deoghar: जिले के सारठ थाना क्षेत्र के खैरा गांव में मनरेगा कुआं से फसल पटवन को लेकर दो पक्षों में जमकर मारपीट हो गई। बता दें कि थाना क्षेत्र के खैरा गांव में पटवन को लेकर कई लोग घायल हो गए हैं। इस विवाद को लेकर खैरा गांव निवासी 55 वर्षीय कारी देवी द्वारा अपने ही गांव के लालु मंडल,पवन मंडल एवं दुर्योधन मंडल के विरुद्ध सारठ थाना कांड संख्या 34/2023 के तहत एक प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।
जिसमे उल्लेख है कि बीते 7 मार्च को सुबह करीब सात बजे पीड़िता कारी देवी के पति सीताराम मंडल फसल पटवन करने के लिए सरकारी कुआं में पम्प लगा रहे थे। इसी बीच उनके गांव के लालु मंडल,पवन मंडल एवं दुर्योधन मंडल लाठी, रड ,टांगा से लैस होकर कुआं पर आकर कुआं से पटवन करने के लिए रोक दिया। जिसका विरोध करने पर सीताराम मंडल के माथे पर टांगा से जान लेवा हमला कर गंभीर रूप से जख्मी कर दिया। इधर बीच बचाव करने आए उनकी पत्नी कारी देवी को भी मारपीट कर गंभीर रूप से जख्मी करते हुए उनके गले से चांदी का सिकड़ी छीन लिया।
वहीं हो हल्ला सुन कर बीच बचाव करने आए ग्रामीण दसरथ मंडल को मारपीट कर हाथ तोड़ दिया। सभी घायलों को ग्रामीणों के सहयोग से सारठ समुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। जहां ऑन ड्यूटी डॉक्टर द्वारा प्राथमिक उपचार करने के बाद स्थिति की गंभीरता को देखते हुए बेहतर इलाज हेतु रेफर कर दिया गया है।