
Ranchi: रांची के डीसी ने सिविल कोर्ट के प्रधान न्यायायुक्त को दोबारा पत्र लिखकर दौ कैदियों की मौत की जांच रिपोर्ट मांगी है। शनिवार को मिली जानकारी के अनुसार राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग ने एक बार फिर रांची के बिरसा मुंडा केंद्रीय कारागार में बंद विचाराधीन कैदी दीनानाथ सिंह की मृत्यु की जांच रिपोर्ट मांगी है।

आयोग की ओर से रिपोर्ट तलब किए जाने के बाद रांची डीसी ने दोबारा पत्र लिखकर आग्रह किया है कि विचाराधीन कैदी दीनानाथ सिंह की मौत की न्यायिक दंडाधिकारी से जांच करवाई जाए और इसकी रिपोर्ट दी जाए।

उल्लेखनीय है कि पिछले दिनों रांची के होटवार स्थित बिरसा मुंडा केंद्रीय कारागार में कैदी दीनानाथ सिंह की न्यायिक हिरासत में मौत हो गई थी। इसके बाद उसके परिजनों ने पूरी घटना की जांच की मांग की है। मानवाधिकार आयोग ने इस मामले में रांची डीसी से जांच रिपोर्ट मांगी है। इसके साथ आयोग ने सजायाफ्ता बंदी बेंगो कुमारी की मृत्यु के संबंध में भी जांच रिपोर्ट मांगी है। इसके बाद रांची डीसी ने रिमाइंडर लेटर भेजकर बेंगो कुमारी की भी मृत्यु के संबंध में जांच रिपोर्ट मांगी है।


