
Deoghar: देवघर नगर थाना पुलिस ने किराना दुकानदार से हथियार के बल पर रंगदारी मांगने वाले एक बदमाश को गिरफ्तार कर पुछताछ के बाद जेल भेज दिया। जेल गये अपराधी का नाम रौशन कुमार राव उर्फ रौशन राउत है जो रिखिया थाना क्षेत्र के लोढिया गांव का रहने वाला है।

पुलिस ने उसके पास से एक देशी ऑटोमेटिक पिस्टल, एक 7.65 एमएम का जिन्दा कारतूस और एक मोबाइल बरामद किया है। इसे लेकर नगर थाना में शनिवार को एक प्रसवार्ता आयोजित कर सीसीआर डीएसपी आलोक रंजन ने विशेष रूप से जानकारी दी। मौके पर नगर थाना प्रभारी विक्रम प्रताप सिंह, एसआई अनुप कुमार उपस्थित थे।

डीएसपी ने बताया कि 24 फरवरी की शाम के सात बजे के आसपास बैजू मंदिर गली स्थित किराना दुकानदार सुमन कुमार ने फोन कर थाना प्रभारी को सूचना दी कि उसके दुकान पर रौशन राउत अपने अज्ञात पांच साथियों के साथ रंगदारी मांगने पहुंचा है।
बताया कि थाना प्रभारी विक्रम प्रताप सिंह ने त्वरित कार्रवाई करते हुूए पेट्रोलिंग पदाधिकारी को छापोमारी करने के लिये भेजा। राय एंड कंपनी के पास जैसे ही पेट्रोलिंग पार्टी पहुंची तो पुलिस वाहन को देखकर तीन लोग भागने लगे। जवानों ने खदेड़ कर एक को पकड़ लिया। जब उसका सर्च किया गया तो उसके पास से एक देशी पिस्टल बरामद किया गया। वहीं मौके पर उसे अन्य साथी भागने में सफल रहे।
दो मामला दर्ज
नगर थाना इसे लेकर दो अलग-अलग मामला दर्ज किया गया है। पहला मामला किराना दुकानदार ने दर्ज कराया है। मामले में कहा है कि वह अपने दुकान में बैठा हुआ था। करीब उसी क्रम में 24 फरवरी की शाम सात बजे रौशन कुमार अपने पांच साथियों के साथ उसके दुकान पर पहुंचा। उसके साथ धक्का- मुक्की करने लगा। उसी क्रम में उस पर पिस्टल तान दिया और कहा कि रंगदारी दो नहीं तो जान मार देंगें। उसके बाद वह अपनी दुकान छोड़कर अंदर की तरफ भाग गया और इस घटना की जानकारी पुलिस को दिया।
दुसरा मामला नगर थाना में पदस्थपित एसआई सुबोधचन्द्र प्रमाणिक के बयान पर दर्ज किया गया है। मामले में कहा है कि जब वे छापामारी के लिये सदलबल राय एंड कंपनी पहुंचे तो पुलिस को देखकर कुछ युवक भागने लगा। जवानों ने खदेड़ कर उनमे से एक को पकड़ लिया। पुछताछ करने पर वह अपना नाम रौशन कुमार राउ उर्फ रौशन राउत बताया। जब उसकी जांच की गयी तो उसके पास से एक देशी पिस्टल बरामद किया गया। कड़ाई से जब उससे पुछताछ की गयी तो उसने अपने तीन अन्य साथियों का नाम बताया जो एक संगठित गिरोह चलाते हैं। मौके पर फरार हुए बदमाशों में छोटू, मनीष और सागर राउत के नाम शामिल हैं।


