Deoghar: प्रदेश भाजपा की दो दिनों तक चली कार्यसमिति की बैठक के दूसरे दिन मंगलवार को पांचवें सत्र में मंच मोर्चा की गतिविधियां एवं आगामी कार्ययोजना पर चर्चा की गई। प्रतिवेदन भी रखा गया। कार्यसमिति को संबोधित करते हुए हेमंत हटाओ-झारखंड बचाओ का संकल्प लिया गया।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष और सांसद दीपक प्रकाश ने राज्य सरकार पर हमला करते गए कहा कि राज्य को भ्रष्टाचार से मुक्ति अगर कोई दल दिला सकती है तो वह भाजपा है। उन्होंने कहा कि राज्य की सभी 14 लोकसभा सीटों को जीत कर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को सौगात दें।
भाजपा विधायक दल के नेता बाबूलाल मरांडी ने राज्य सरकार की नाकामियों पर जोरदार हमला करते हुए कहा कि झामुमो सरकार बनाने के पहले और बाद में भी अपने वादों को पूरा नहीं कर पायी है। उन्होंने कहा कि यह सरकार ने सदन में घोषणा की थी कि युवाओं को पांच लाख नौकरी देने, बेरोजगारों को पांच हज़ार और सात हज़ार बेरोजगारी भत्ता देने, दो लाख किसानों की लोन माफ, मुफ्त में बिजली, प्रधानमंत्री आवास के निर्माण में अलग से एक कमरा देने का वादा, 25 करोड़ तक का टेंडर स्थानीय लोगों को देने का वादा, गरीबों को पेट्रोल में 250 रुपये तक कि अनुदान, धान की क्रय समर्थन मूल्य 2300 से लेकर 2700 तक करने का वादा की थी उसे पूरा करने में फेल साबित हुई है।
प्रदेश प्रभारी एवं सांसद लक्ष्मीकांत वाजपेयी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने पूरे विश्व में भारत को स्थापित करने का काम किया। आज भारत की विदेश नीति बहुआयामी, स्वतंत्र व्यापार करने की नीति के साथ देशहित को सर्वोपरि मानकर बनाई जाती है। झारखंड प्रदेश के क्षेत्रीय संगठन महामंत्री नागेंद्र नाथ त्रिपाठी ने कहा कि भाजपा की कार्यपद्धति अन्य दलों से भिन्न है। इसका नतीजा है कि आज भाजपा सबसे बड़ा दल है, जिसे 10 करोड़ से लेकर आज 23 करोड़ वोट मिलते हैं। पार्टी के सभी कार्यकर्ताओं को हर समाज के लोगों को पार्टी से जोड़ने की कोशिश करनी चाहिए।
प्रदेश के संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह ने संगठन की मजबूती और विस्तार पर विचार रखा। उन्होंने बूथ कमिटी, पन्ना प्रमुख, पन्ना समिति का गठन समय पर कर लेने का निर्देश दिया। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मन की बात कार्यक्रम को आम जनता के साथ बूथ स्तर पर सुनने का निर्देश दिया। साथ ही जिला और मंडल की सांगठनिक परिसीमन के लिए सुझाव मांगे।
बैठक को केंद्रीय शिक्षा राज्य मंत्री अन्नपूर्णा देवी, हज़ारीबाग़ के सांसद जयंत सिन्हा, प्रदेश युवा मोर्चा अध्यक्ष किसलय तिवारी, किसान मोर्चा अध्यक्ष पवन साहू, अनुसूचित जाति मोर्चा के अध्यक्ष सह विधायक अमर कुमार बाउरी, जनजाति मोर्चा के अध्यक्ष शिवशंकर उरांव, महिला मोर्चा की अध्यक्षा आरती कुजूर सहित अन्य ने संबोधित किया।