Deoghar News : देवघर नगर थाना क्षेत्र के नंदन पहाड़ मोहल्ला स्थित एसबीआई के एटीएम को अपराधियों ने सोमवार की देर रात उखाड़कर लूट लिया। सीसीटीवी फुटेज के अनुसार अपराधी रात 3:11 बजे सफेद रंग की चार पहिया वाहन से एटीएम मशीन रूम के पास पहुंचे और महज 11 मिनट में, 3:22 बजे, एटीएम मशीन लेकर फरार हो गए।

एसबीआई के मुख्य प्रबंधक गौरव आनंद के अनुसार एटीएम में 4.82 लाख रुपये नकद थे। सीसीटीवी फुटेज में दिख रहा है कि अपराधी एटीएम रूम के बाहर लगे कैमरे पर किसी चीज का स्प्रे करते हैं और इसके बाद हूटर का तार काट देते हैं। इसके बाद शटर का ताला काटने का प्रयास किया, लेकिन सफल नहीं हुए।

फिर वाहन को एटीएम रूम के सामने बैक कर लगाया गया। वाहन से रस्सीनुमा बांधने वाली चीज निकाली गई, जिसके एक सिरे को शटर और दूसरे सिरे को वाहन से बांधा गया। वाहन को आगे बढ़ाने पर शटर उखड़ गया। इसके बाद उसी रस्सीनुमा चीज से एटीएम मशीन को वाहन से बांधा गया और मशीन को करीब 500 मीटर तक घसीटते हुए ले जाया गया। बा

द में उसे वाहन में लोड कर अपराधी फरार हो गए। पूरी वारदात में करीब आधा दर्जन अपराधियों के शामिल होने की बात सामने आई है। सभी ने गमछे से चेहरा ढक रखा था। घटना की जानकारी मिलने पर एसपी प्रवीण पुष्कर, एसडीपीओ कुलदीप कुमार, नगर थाना प्रभारी सह पुलिस निरीक्षक रवि ठाकुर, जसीडीह थाना प्रभारी सह पुलिस निरीक्षक दीपक कुमार, रिखिया थाना प्रभारी प्रभात कुमार और तकनीकी टीम के सदस्य मौके पर पहुंचे तथा घटनास्थल का जायजा लिया। घटना को लेकर एसबीआई साधना भवन की मुख्य शाखा के मुख्य प्रबंधक गौरव आनंद ने शिकायत दर्ज कराई है।
सेंसर से दिल्ली कंट्रोल को मिली थी सूचना, पुलिस को 3:30 बजे जानकारी
बैंक अधिकारी के अनुसार एटीएम को उखाड़ने के दौरान मशीन में लगे सेंसर के माध्यम से 3:19 बजे एटीएम कंट्रोल दिल्ली को सूचना मिली। इसके बाद दिल्ली से एसबीआई मुख्य शाखा प्रबंधक को फोन कर जानकारी दी गई। पुलिस को सूचना देने के लिए भी कॉल किया गया, लेकिन पुलिस कॉल रिसीव नहीं कर सकी।
इसके बाद 3:26 बजे एसबीआई को सूचना मिली। एसबीआई की ओर से कंट्रोल रूम को फोन किया गया, लेकिन कॉल रिसीव नहीं हुआ। बाद में 112 पर कॉल की गई, जो बिहार में कनेक्ट हुई। इसके बाद 3:30 बजे नगर थाना को सूचना मिली और 3:36 बजे नगर थाना की पुलिस घटनास्थल पर पहुंची।
देवीपुर के ठाकुरिया पहाड़ी के पास मिला क्षतिग्रस्त एटीएम
घटना के बाद अपराधी एटीएम मशीन को देवीपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत एम्स रोड स्थित ठाकुरिया पहाड़ी के समीप ले गए, जहां मशीन क्षतिग्रस्त हालत में मिली। सूचना मिलने पर देवीपुर थाना प्रभारी प्रशांत कुमार मौके पर पहुंचे और क्षतिग्रस्त एटीएम को कब्जे में लिया। बताया जाता है कि अपराधियों ने एटीएम मशीन को किसी औजार की मदद से खोलकर उसमें रखी नकदी निकाल ली और इसके बाद मशीन को वहीं छोड़कर फरार हो गए।
—-रात में नहीं था गार्ड, दो दिन से नहीं भरा गया था कैश
बैंक अधिकारी के अनुसार एटीएम मशीन रूम में रात के समय सुरक्षा गार्ड की तैनाती नहीं थी। दिन में शिफ्ट के अनुसार दो-दो गार्ड तैनात रहते हैं। रात 10 बजे के बाद एटीएम से कैश निकासी नहीं होने के कारण मशीन रूम बंद कर दिया जाता है और रात में गार्ड की तैनाती नहीं की जाती थ। अधिकारी के अनुसार घटना के समय एटीएम में 4.82 लाख रुपये ही नकद थे। पिछले दो दिनों से मशीन में कैश नहीं भरा गया था।
एसपी प्रवीण पुष्कर ने कहा कि एटीएम लूट की घटना पुलिस के लिए चुनौती है। जिस तरह से वारदात को अंजाम दिया गया, उससे इस तरह की घटना को लगातार अंजाम देने वाले अपराधियों के शामिल होने की बात प्रतीत होती है। पुलिस की पूरी कोशिश रहेगी कि घटना का जल्द से जल्द पटाक्षेप किया जाए।



