
Deoghar: नगर थाना क्षेत्र के राममंदिर कालीरखा निवासी राजेश वर्मा उर्फ चुन्नू के मौत के मामले में पुलिस को कुछ अहम सुराग मिले हैं। नगर पुलिस एक कार की तलाश में जुटी है। बताते चलें कि मंगलवार की देर रात को चुन्नू का शव बाजार समिति के पास देवघर दुमका मुख्य सड़क पर क्षत-विक्षत मिला था। इस मामले को लेकर परिजनों का कहना था कि उसकी एक षडयंत्र के तहत हत्या कर दुघर्टना का रूप दे दिया गया है। इसे लेकर परिजनों और स्थानीय के साथ मिलकर घटनास्थल पर घंटों सड़क को जाम कर दिया।

उसके बाद पुलिस ने घटनास्थल के पास एक प्रतिष्ठान में लगे सीसीटीवी फुटेज को खंगाला। जिसमें देर रात को चुन्नू के साथ तीन-चार लोगो द्वारा मारपीट की जानकारी मिली। उसके बाद मृतक के भाई के बयान पर नगर थाना में दो नामजद सहित तीन अज्ञात पर मामला दर्ज किया गया। जिसमें से दो को पुलिस हिरासत में लेकर पुछताछ कर रही है।

सूत्रों की माने तो पुलिस ने घटनास्थल पर सड़क किनारे एक होटल संचालक को भी हिरासत में लिया है। बताया जाता है कि घटना के समय उक्त होटल से ही कुछ संदिग्ध लोग निकले थे। सूत्रों कि माने तो पुलिस को दो तीन लोग घटना के बाद एक कार पर सवार होकर भागने की जानकारी मिली है। पुलिस उक्त कार व उसके नंबर कर पता लगाने में जुट गयी है। हांलाकि इस मामले मे पुलिस कुछ भी बोलने को तैयार नहीं है।


