
Deoghar : देवघर पुलिस अधीक्षक देवघर प्रवीण पुष्कर के निर्देश पर साइबर अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस उपाधीक्षक कैलाश प्रसाद महतो के नेतृत्व में 17 जून को की गई छापेमारी में चार साइबर अपराधकर्मियों को गिरफ्तार किया गया।

गिरफ्तार आरोपियों पर ऑनलाइन ठगी कर आम लोगों को निशाना बनाने का आरोप है। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि सारवां थाना क्षेत्र में कुछ संदिग्ध व्यक्ति फर्जी तरीके से फ्लिपकार्ट, अमेजन पे, एयरटेल पेमेंट बैंक तथा गूगल पर फोनपे कस्टमर केयर प्रतिनिधि बनकर लोगों से संपर्क कर ठगी की घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं।

सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस ने योजनाबद्ध तरीके से छापेमारी अभियान चलाया। छापेमारी के दौरान चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार अभियुक्तों में सोनारायठाढ़ी थाना क्षेत्र के कुरवा निवासी असरफ अंसारी, सारवां थाना क्षेत्र के बरमतरा निवासी सद्दाम अंसारी, मुस्तकीम अंसारी तथा पथरड्डा ओपी क्षेत्र के यूबिया निवासी बिनोद दास शामिल हैं। सभी आरोपी देवघर जिले के निवासी हैं।
पुलिस ने आरोपियों के पास से चार मोबाइल फोन और चार सिम कार्ड बरामद किए हैं। बरामद मोबाइल फोन और सिम कार्ड की प्रारंभिक जांच में साइबर ठगी से संबंधित गतिविधियों में संलिप्तता के संकेत मिले हैं। तकनीकी जांच के दौरान जब्त मोबाइल नंबरों एवं आईएमईआई नंबरों का सत्यापन किया गया, जिसमें विभिन्न राज्यों में दर्ज साइबर ठगी की शिकायतों से इनके संबंध होने की जानकारी सामने आई है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी सद्दाम अंसारी पूर्व में भी साइबर थाना कांड संख्या 80/25 में जेल जा चुका है। इससे उसके साइबर अपराधों से जुड़े पुराने रिकॉर्ड की भी पुष्टि होती है।
इस कार्रवाई में साइबर थाना के पुलिस निरीक्षक नागेंद्र प्रसाद सिन्हा, सारवां थाना प्रभारी संदीप कुमार तथा सारवां थाना की पुलिस टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। पुलिसं मामले की आगे की जांच कर रही है तथा साइबर ठगी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान करने में जुटी हुई है।


