
Deoghar News : देवघर जिले के पथरौल थाना क्षेत्र के राउतडीह मोहल्ला में बच्चों के बीच हुए विवाद ने बुधवार शाम हिंसक रूप ले लिया। दो पक्षों के बीच हुई मारपीट में दो महिलाओं समेत छह लोग घायल हो गए। सभी घायलों को बेहतर इलाज के लिए देवघर सदर अस्पताल भेजा गया।

घायलों में उमेश शर्मा, चंदन शर्मा, फरकू शर्मा, संजू देवी, कुसमी देवी और केटी शर्मा शामिल हैं। घटना के बाद सभी घायलों को पहले मधुपुर स्थित रेफरल अस्पताल ले जाया गया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए देवघर सदर अस्पताल रेफर कर दिया।

घायलों ने बताया कि मोहल्ले में बच्चों के बीच किसी बात को लेकर झगड़ा हुआ था। विवाद बढ़ने की आशंका को देखते हुए वे लोग बच्चों को समझाने और मामला शांत कराने पहुंचे थे। इसी दौरान दूसरे पक्ष के लोग पहले से योजना बनाकर तैयार थे और उन्होंने लोहे के पाइप, कुल्हाड़ी तथा डंडे से हमला कर दिया। हमले में सभी लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
देवघर सदर अस्पताल पहुंचे घायलों ने बताया कि अस्पताल में बेड उपलब्ध नहीं होने के कारण उन्हें परिसर में ही पड़े रहना पड़ा। अस्पताल परिसर में घायल अवस्था में लोगों के सोए रहने का दृश्य चर्चा का विषय बना रहा। हालांकि सभी घायलों का इलाज चिकित्सकों की निगरानी में किया जा रहा है।
घटना की सूचना मिलने के बाद स्थानीय स्तर पर मामले की जानकारी जुटाई जा रही है। बच्चों के विवाद से शुरू हुआ यह मामला देखते ही देखते दो पक्षों के बीच हिंसक संघर्ष में बदल गया, जिससे इलाके में तनाव का माहौल बन गया।
फिलहाल सभी घायलों का इलाज जारी है और मामले को लेकर आगे की कार्रवाई की प्रक्रिया चल रही है।


