
Deoghar : देवघर जिले मोहनपुर सरैयाहाट मुख्यमार्ग पर कोठिया टोल टैक्स के पास बुधवार देर शाम एक अनियंत्रित मालवाहक ऑटो के पलट जाने से एक बुजुर्ग की मौत हो गई। मृतक की पहचान दुमका जिला अंतर्गत सरैयाहाट थाना क्षेत्र के पुराना बाजार निवासी 75 वर्षीय दीनानाथ साह के रूप में हुई है।

परिजनों के अनुसार, दुर्घटना के बाद गंभीर रूप से घायल दीनानाथ साह को इलाज के लिए तत्काल देवघर सदर अस्पताल लाया गया। यहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलने के बाद परिजनों में शोक की लहर दौड़ गई।

बताया गया कि दीनानाथ साह मजदूरी का कार्य करते थे। दुर्घटना में मालवाहक ऑटो चालक राजू शाह जो सरैयाहाट का ही निवासी है को मामूली चोटें आई हैं। परिजनों ने बताया कि राजू शाह कपड़ा बेचने का काम करता है और दीनानाथ साह उसके साथ रहते थे।
दोनों मोहनपुर हाट में कपड़ा बेचने के बाद मालवाहक ऑटो से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान कोठिया टोल टैक्स के समीप अचानक ऑटो अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। हादसे में दीनानाथ साह गंभीर रूप से घायल हो गए।
उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने उन्हें बचाया नहीं जा सका। घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। इधर जानकारी मिलते ही सदर अस्पताल स्थित बैद्यनाथ धाम ओपी पुलिस वहां पहुंची और शव का पंचनामा कर पोस्टमोर्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया।


