
Deoghar: बाइक सवार बैखौफ अपराधियों ने नगर थाना क्षेत्र के सतसंग स्थित कोरियासा मोहल्ला में एक 52 वर्षीय व्यक्ति की बम एवं गोली मारकर हत्या कर दी। मृतक का नाम लक्ष्मी यादव है जो कोरियासा का ही रहने वाला है। बम के आवाज से आसपास का इलाका थर्रा उठा और आसपास के रहने वाले लोग इधर उधर भागने लगे। बम इतना शक्तिशाली था कि लक्ष्मी यादव के सिर के परखच्चे उड़ गये। हत्या करने के बाद अपराधी बाइक से रोहणी की ओर फरार हो गये। घटना सुबह करीब 6.30 बजे का बताया जाता है। घटना राजकीय कृत मध्य विद्यालय कोरियासा के सामने सड़क के दूसरी तरफ स्थित आशिष रवानी के गुमटी में घटी। कुछ देर बाद घटनास्थल पर आसपास के लोगों की भीड़ जूट गयी। घटना की सूचना पुलिस को दी गयी। जानकारी मिलते ही एसपी सुभाषचन्द्र जाट, सदर एसडीपीओ पवन कुमार, सर्किल इंस्पेक्टर संजय बर्मन, नगर थाना प्रभारी कृष्ण कुमार कुशवाहा, कुंडा थाना प्रभारी प्रवीण कुमार, एसआई संजीत कुमार सदलबल घटना स्थल पहुंचे और मामले की जांच की। पुलिस ने घटनास्थल से एक 3.15 बोर का खोखा भी बरामद किया है। बताया जाता है कि जमीन विवाद को लेकर लक्ष्मी यादव की हत्या की गयी है।
रेकी कर की गयी हत्या

लक्ष्मी यादव हर दिन सुबह में अपने घर से लगभग 50 मीटर की दूरी पर स्थित सतसंग-भिखरीबाद मुख्य सड़क पर आशीष रवानी के गुमटी में सिगरेट एवं पेपर पढ़ने जाया करता था। सूत्रों ने बताया कि पिछले तीन दिनों से अपराधियों के द्वारा उसकी रेकी की जा रही थी। सूत्रों की माने तो इसकी भनक लक्ष्मी यादव को भी लगी थी। लेकिन उसे यह अंदेशा नहीं था की घर के पास ही अपराधी उसकी हत्या कर सकता है।
लाल रंग की अपाचे पर सवार होकर आये थे 6 अपराधी

लाल रंग की दो अपाचे पर सवार होकर 6 बदमाश देवघर की ओर से पहले सतसंग नगर स्थित घटनास्थल से लगभग 200 मीटर पहले एक गुमटी के पास पहुंचे। सूत्रों कि माने तो गुमटी के पास अपराधी कुछ देर के लिये रूके। उसके बाद करीब सुबह 6.30 बजे के आसपास कोरियासा मघ्य विद्यालय के सामने सड़क के दूसरी ओर आशिष रवानी के गुमटी के पास पहुंचे। गुमटी पर लक्ष्मी यादव हाथ में अखबार लेकर खड़-खड़ा ही पढ़ रहा था उसके अगल-बगल कई लोग चाय पी रहे थे। सूत्रों ने बताया कि अपराधियों ने लक्ष्मी यादव के अलावे उक्त गुमटी पर चाय पी रहे लोगों को हट जाने के लिये कहा। सभी लोग गुमटी से हट गये इसी बीच लक्ष्मी यादव भी भागने का प्रयास किया तो बदमाशों ने पहले उसे लंघी लगाकर गिरा दिया। उसके बाद गोली और बम से हमला कर दिया। इस घटना में लक्ष्मी यादव सिर के चिथड़े उड़ गये। गुमटी के इधर-उधर उसके सिर के टूकड़े बिखरे हुए थे।
पूर्व नक्सली मंटू यादव से था जमीन का विवाद
बताया जाता है कि लक्ष्मी यादव ने चकाई थाना क्षेत्र के गोविंदपुर निवासी पूर्व नक्सली मंटू यादव के पास कोरियासा के पास एक जमीन बेचा था। सूत्रों कि माने तो पिछले कुछ वर्षों से मंटू यादव नक्सली संगठन को छोड़कर एक अपराधी गिरोह चला रहा है। उसके गिरोह के कई अपराधी शामिल हैं। सूत्रों ने बताया कि जमीन का कुछ रूपया बकाया था। जिसे लेकर दोनों में विवाद भी हुआ था। 15-20 दिन पूर्व लक्ष्मी यादव ने उक्त जमीन पर घर बनाकर रहे रहे मंटू के पिता और मां को घर से निकाल दिया एवं उसमें ताला लगा दिया। सूत्रों कि माने तो उसके बाद मंटू यादव ने लक्ष्मी यादव को जान से मारने की धमकी दी थी। सूत्रों की माने तो पुलिस हत्याकांड को इसे विवाद से भी जोड़कर जांच में जुटी है।
मृतक लक्ष्मी यादव पर नगर थाना में है कई मामले दर्ज
मृतक लक्ष्मी यादव पर नगर थाना में कई मामले दर्ज हैं। वह एक हत्या के मामले में भी पूर्व में जेल जा चुका था। नगर थाना में उस पर करीब 7 से आठ अपराधिक मामले दर्ज हैं।
लक्ष्मी यादव का रहा है अपराधिक इतिहास:एसपी
एसपी सुभाषचन्द्र जाट ने कहा कि लक्ष्मी यादव का पूर्व से भी अपराधिक इतिहास रहा है। उसकी हत्या आपसी एवं जमीन विवाद में बम एवं गोली मारकर की गयी है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई। जल्द ही अपराधियों कि शिनाख्त कर गिरफ्तार कर लिया जायेगा।
हत्याकांड में 6 लोग सहित अज्ञात नाम की मिली जानकारी
मृतक की पत्नी उर्मिला देवी ने बताया है कि उसके पति की हत्या राजेश यादव, विष्णु यादव, मंटू यादव, कारू यादव और राजेश यादव सहित तीन अज्ञात अपराधियों ने मिलकर एक षडयंत्र के तहत हत्या कर दी।
तीन-चार दिनों से जमुई पुलिस कर रही थी अपराधियों का पिछा
बिहार के जमुई जिले की चकाई पुलिस पिछले कई दिनों से बदमाश मंटू यादव और कारू यादव की तलाश देवघर में कैंप कर रही थी। सूत्रों ने बताया कि तकनिकि सेल के सहारे जमुुई पुलिस दोनों दबोचने में लगी थी। लेकिन दोनों को पकड़ने में पुलिस असफल रही। दोनों पर चकाई एवं अन्य थाना में कई अपराधिक मामले दर्ज हैं।


