
Ramgarh: पतरातू पुलिस ने हरदेव कंस्ट्रक्शन पर गोली चलाने वाले अपराधी को भी गिरफ्तार किया है। शनिवार को एसपी पीयूष पांडे ने बताया कि छह दिसंबर को पतरातू थाना क्षेत्र में पांडे गिरोह के ही कुछ अपराधियों ने गोलीबारी कर तांडव मचाया था। उस मामले में फरार पांडे गिरोह के एक सदस्य गुड्डू राजवंशी उर्फ किष्टो को गिरफ्तार किया गया है।

शहीद चौक पतरातू के रहने वाले गुड्डू राजवंशी को पलामू जिले के पांडू थाना क्षेत्र अंतर्गत तीसीबार इलाके से पकड़ा गया है। गुड्डू मूल रूप से पलामू जिला का ही रहने वाला है। इस वारदात को अंजाम देने के बाद वह उसी इलाके में जाकर छुप कर रहा था। इससे पहले अपराधियों को पतरातू और भुरकुंडा क्षेत्र में तांडव मचाने के लिए गिरफ्तार किया गया था। अब तक रामगढ़ जिले में गोलीबारी कर रंगदारी वसूलने के लिए हुई 3 वारदातों में कुल 12 लोगों को पकड़ा गया है। वे सभी लोग पांडे गिरोहों से ही तालुकात रखते हैं।

एसपी ने बताया कि जिले में अपराधियों पर नकेल कसने के लिए पहले ही सीसीए लगाने का निर्देश जारी किया गया है। जिले के तमाम थाना प्रभारियों को आदेश दिया गया है कि वे अपने क्षेत्र में होने वाले वारदात में शामिल लोगों को सलाखों के पीछे भेज दें। अगर फरार अपराधी हैं तो उन पर सीसीए लगाने के लिए रिपोर्ट भेजें, ताकि रामगढ़ जिले में शांति व्यवस्था कायम हो सके।


